वेटलिफ्टर विकास ने जीते चार गोल्ड मेडल
विकास ठाकुर की उपलब्धि पर हर हिमाचली को नाज है। विकास व परिजनों को बधाई देने का तांता लग गया है।
हमीरपुर, जागरण संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने कनार्टक के मैंगलोर (मैंगलुरु) में आयोजित 70वीं सीनियर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीते हैं। उन्होंने 94 किलोग्राम भारवर्ग में भाग लिया तथा कुल 332 किलोग्राम वजन उठाया। हमीरपुर जिले के पटनौण निवासी विकास ने इस उपलब्धि के साथ इतिहास रचा है। अभी तक विकास ठाकुर सर्विसेज की टीम की ओर से खेलते थे, लेकिन पहली बार उन्होंने हिमाचल की ओर से प्रतिनिधित्व किया। बुधवार को उन्होंने क्लीन के साथ जर्क व ओवरऑल में गोल्ड मेडल जीते। प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर सर्विसेज के खिलाड़ी रहे। चैंपियनशिप का आयोजन 21 से 25 जनवरी तक किया जा रहा है।
इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में भी लेंगे भाग
विकास ठाकुर इस साल चार से दस अप्रैल तक होने वाली राष्ट्रमंडल खेलों में भी भाग लेंगे। इसकेलिए उनका चयन पहले ही हो गया है। विकास ने चार साल पहले ग्लासगो में हुई राष्ट्रमंडल खेलों में देश को रजत पदक दिलाया था। इसके बाद से वह देश के श्रेष्ठ खिलाडिय़ों में वह शुमार हैं।
बधाइयों का लगा तांता
विकास ठाकुर की उपलब्धि पर हर हिमाचली को नाज है। विकास व परिजनों को बधाई देने का तांता लग गया है। वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीरेंद्र प्रसाद वैश्य, महासचिव सहदेव यादव, हिमाचल के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा व महासचिव राजकुमार जम्वाल सहित अन्य ने भी उन्हें बधाई दी है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर, पटनौण पंचायत के प्रधान राजीव ठाकुर व टौणी देवी से बीडीसी सदस्य प्रेम लता ठाकुर ने भी बधाई दी है।
बेटे ने हर कदम पर हासिल की है कामयाबी
बृज व आशा विकास ठाकुर के पिता बृज ठाकुर व माता आशा ठाकुर का कहना है कि उनके पुत्र ने हर कदम पर कामयाबी हासिल की है। वह हिमाचल का नाम दुनिया में रोशन कर रहा है। आगे भी इन प्रयासों को जारी रखा जाएगा। विकास ने एनआइएस (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोट्र्स) पटियाला में चीफ कोच विजय शर्मा से गहन प्रशिक्षण लिया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी अन्य खबरें पढऩे के लिए यहां क्लिक करें-