बारिश से खिले किसानों के चेहरे
- लंबे अरसे बाद बारिश होने से गर्मी से मिली राहत - किसानों ने मक्की व धान की फसल के लिए खेतों की ओर किया रूख - कृषि विभाग की किसानों को राय अब शीघ्र करे फसल बिजाई
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : जिले में लंबे अरसे के बाद हुई बारिश कहीं आफत तो कहीं राहत लेकर आई है। बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। बारिश होने के बाद किसानों ने धान की बिजाई शुरू कर दी है। किसान कांशी राम, अमी चंद, रमेश चंद, पवन कुमार ने बताया कि लंबे समय से भरपूर बारिश न होने से उन्हें मक्की व धान की फसल की बिजाई करने के लिए मुश्किलें आ रही थी लेकिन अब बारिश होने से उनकी परेशानी दूर हो गई हैं। कृषि विभाग बारिश को किसानों की फसल के लिए बेहतर बता रहा हैं। कृषि विभाग के उपनदिशेक युद्धवीर पठानिया के मुताबिक जिले में अच्छी बारिश हुई हैं। किसानों को मक्की व धान की फसल की बिजाई समय रहते अब कर देनी चाहिए। मक्की व धान की बिजाई के लिए खेतों में बारिश के बाद नमी आई है। उधर, जिला भर में शनिवार को हुई बारिश से दो रूट पर बस सेवाएं प्रभावित हुई हैं। आरएम हमीरपुर विवेक लखनपाल ने बताया कि जिले के घंगोट एरिया को जाने वाली बसें शनिवार को नहीं भेजी गई हैं। यह रूट खड्डों से होकर गुजरते हैं। बाकर खड्ड एरिया में लिए भी बस रूट प्रभावित हुए हैं। जिला मुख्यालय से बाकर खड्ड से गुजरने वाली बस सेवाएं सुबह व सायं प्रभावित हुई हैं।