विकास कार्यो की रफ्तार थमने नहीं देंगे : सुक्खू
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार थमने नहीं दी जाएगी, जिन कार्यों के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार में बजट का प्रावधान हो चुका है उन्हें जल्दी शुरु किया जाएगा।
नादौन, जेएनएन। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार थमने नहीं दी जाएगी। विकास कार्यों में अड़ंगा अड़ाने के पूर्व भाजपा विधायक विजय अग्निहोत्री के मंसूबे पूरे नहीं हो पाएंगे। वह बटराण में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन-जिन कार्यों के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार में बजट का प्रावधान हो चुका है, वे जल्दी शुरू होंगे और उन्हें रिकॉर्ड समय में पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने बटराण, कोहला, जसाई और अग्निहोत्री के घर के स्कूल पनसाई को पूर्व कांग्रेस सरकार में अपग्रेड कराया था। इससे पहले की स्कूलों में बारहवीं तक कक्षाएं बैठती भाजपा सत्ता में आ गई। सरकार बदलने के साथ ही विधायक भी बदल गए और जनता ने उन्हें चुनकर विधानसभा भेजा। उनकी जीत को अग्निहोत्री पचा नहीं पा रहे हैं। इसलिए चारों अपग्रेड स्कूलों को अब तक फंक्शनल नहीं होने दिया। उन्होंने पहला ऐसा नेता देखा है जो अपने घर के स्कूल को भी बारहवीं तक होने से रोक रहा है। जल्द ही वह इन स्कूलों को फंक्शनल कराएंगे।
इसके लिए सीएम जयराम ठाकुर व शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से भी मुलाकात की जाएगी। हथोल पुल के लिए उन्होंने दो करोड़ रुपये मंजूर कराए हैं। पुल बनने से लगभग एक दर्जन गांवों को फायदा होना है। ग्रामीणों के लिए आने वाले समय में यह वरदान साबित होगा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों को रुकने नहीं देंगे। विकास निधि से काम कराने के साथ ही वह केंद्र से भी परियोजनाओं के लिए धनराशि ला रहे हैं। जनता को जल्दी ही एसी मिनी सचिवालय की भी सौगात मिलेगी।