खैरी में ब्यास नदी में फंसे 30 लोग किए रेस्क्यू
शुक्रवार रात से हो रही बारिश के चलते सुजानपुर उपमंडल के
जागरण टीम, सुजानुपर/हमीरपुर : शुक्रवार रात से हो रही बारिश के चलते सुजानपुर उपमंडल के गांव खैरी में छह परिवार ब्यास नदी के तेज बहाव में फंस गए थे। डेढ़ माह के बच्चे सहित कुल 30 लोग सुबह चार से दस बजे तक फंसे रहे, जिन्हें जिला प्रशासन के सहयोग से रेस्क्यू किया गया। इनमें दो बच्चे, आठ महिलाएं, चार पुरुष और एक 100 वर्ष की वृद्ध महिला भी शामिल थी।
तेज बारिश के चलते ब्यास नदी में पानी का बहाव बढ़ गया। मौके पर उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने मोर्चा संभाला और गृहरक्षकों की टीम ने फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला। जिला प्रशासन की ओर से सभी पीड़ित स्वजन को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत भी प्रदान की गई है।
पानी में फंसे हुए लोगों के पास सबसे पहले पहुंचे युवा विक्रम सिंह ने बताया कि सुबह पानी बढ़ जाने पर ट्यूब के माध्यम से लोगों के पास पहुंचे और इस बारे में सूचना पंचायत प्रधान के अलावा डीसी को दी गई। इस पर तुंरत कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू टीम ने कार्रवाई की।
गृहरक्षकों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी स्थानीय लोगों की मदद की। कमांडेंट होमगार्ड सुशील कौंडल की अगुवाई में करीब 12 लोगों की टीम ने कड़ी मशक्कत करके लोगों को निकाला। भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सहित लोग भी राहत व बचाव कार्य में जुटे व करीब तीन घंटे बाद सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। बिक्रम कुमार, रवि कुमार, लोकेश कुमार, लक्की कुमार और मुकेश कुमार ने फंसे लोगों की मदद की।
पंचायत प्रधान बबलू कुमार ने बताया पानी में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। जैसे ही लोग पानी में फंसे थे इसकी सूचना पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को दी गई थी। उन्होंने उसी समय जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद तमाम कार्य किए जा सके हैं। मां ने जताया प्रशासन का आभार
डेढ़ माह के बच्चे की मां लक्ष्मी ने रोते बिलखते हुए कहा कि सुबह बहुत डर गए थे और अगर समय पर प्रशासन मदद नहीं करता तो पानी में बह जाते। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। धूमल ने अलर्ट पर रहने के दिए हैं निर्देश
जिला प्रशासन के साथ-साथ सुजानपुर भाजपा कार्यकर्ता व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल मोर्चा संभाले हुए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। राहत एवं बचाव कार्य करने के साथ नकद राशि का प्रविधान हो, इसको लेकर भी हर यथासंभव सहायता करने के निर्देश दिए हैं। जिला परिषद एवं पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कैप्टन रंजीत सिह, सुजानपुर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्यार चंद एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधि खैरी पंचायत प्रधान बबलू कुमार सहित स्थानीय लोग बचाव कार्य कर रहे हैं। खैरी गांव में ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से छह परिवार फंस गए थे उन्हें रेस्क्यू किया गया है। सभी लोगों ने अपने घरों की छत पर चढ़कर जान बचाई। एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया था और हेलीकाप्टर के लिए भी सूचना दी गई थी, लेकिन जंगलबैरी बटालियन, पुलिस टीम व होमगार्ड टीम ने सभी 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। भोजन भी उपलब्ध करवाया गया तथा उनका अस्थायी प्रबंध भी कर दिया गया।
-देबश्वेता बनिक, उपायुक्त हमीरपुर ये किए रेस्क्यू
कर्म चंद पुत्र बेलीराम का परिवार, अशोक कुमार पुत्र प्रेमचंद का परिवार, रीता देवी पत्नी सुरेश कुमार का परिवार, राजकुमार पुत्र अमीं चंद का परिवार, प्रवेश कुमार पुत्र अमीं चंद का परिवार, रोशनी देवी विधवा बेलीराम स्वतंत्रता सेनानी, मनसा देवी पत्नी प्रेमचंद, बुजुर्ग व एक डेढ़ माह का बच्चा। कर्म चंद की एक भैंस तथा सुरेश कुमार का कटड़ा लापता है। राहत के दिए हैं निर्देश : राणा
मौसम की घटनाओं में 13 लोगों की मौत पर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सुजानपुर विधायक राजेंद्र राणा ने गहरा दुख प्रकट किया है। कहा कि वह महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली में हैं। उपायुक्त हमीरपुर व जंगलबैरी आइआरबी बटालियन के कमांडेंट के साथ एसडीएम सुजानपुर से लगातार संपर्क व संवाद बनाए हुए हैं। सुजानपुर में हुए भारी नुकसान को लेकर प्रशासन को तुरंत राहत प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।