कपिल शर्मा के शो में दिखी नादौन की यशस्वी
रविवार को टेलीकास्ट हुए कपिल शर्मा शो में बात करते हुए दिख रही बच्ची यशस्वी शर्मा नादौन शहर के वार्ड दो की रहने वाली है। हमारा सांसद हमारा गौरव के तहत सांसद भारत दर्शन पर प्रदेश की 1
संवाद सहयोगी, नादौन : रविवार को प्रसारित हुए कपिल शर्मा शो में नादौन की वार्ड-दो निवासी यशस्वी शर्मा दिखी। 'हमारा सांसद हमारा गौरव' के तहत सांसद भारत दर्शन पर प्रदेश की 18 मेधावी छात्राएं मुंबई भ्रमण पर गई थी। इन छात्राओं ने बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में टॉप-29 में स्थान हासिल किए थे, जिसके कारण इनका चयन इस योजना में हुआ था। यशस्वी के पिता आशुतोष शर्मा तथा माता रेणू शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी परीक्षा में प्रदेशभर में 11वें स्थान पर रही थी। सात जनवरी को यह दल ऊना से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था, जहां से हवाई जहाज द्वारा इन्हें मुंबई ले जाया गया तथा इन्हें वहां के समस्त प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करवाया गया। नौ जनवरी को कपिल शर्मा शो के लिए तीन बच्चियों का चयन किया गया जिनमें से यशस्वी भी एक थी। इसी शो का प्रसारण रविवार सायं हुआ। इस शो में अभिनेता अनिल कपूर, उनकी बेटी सोनम कपूर तथा जूही चावला भी उपस्थित रहे। यशस्वी के साथ कुछ देर तक कपिल शर्मा ने बात की। यशस्वी ने बताया कि उनके साथ दसवीं कक्षा की 20 टॉपर लड़कियां हैं। ऐसा सुनकर कपिल भी काफी प्रभावित हुए और यशस्वी को बधाई दी। छात्रा ने बताया कि सांसद अनुराग ठाकुर के कारण ही वह आज यहां पहुंची हैं। इस शो के बाद इन बच्चियों को दिल्ली में लोकसभा का भी भ्रमण करवाया गया। यशस्वी का छोटा भाई श्रीधर नवमीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि यशस्वी नादौन के कन्या स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा है। यशस्वी ने बताया कि वह आइएएस अधिकारी बनना चाहती है। यशस्वी की इस उपलब्धि पर शहरभर में प्रसन्नता का माहौल है। उसके घर में बधाई देने वालों का तांता लगा है।