मुख्य बाजार में महिला पुलिस थाने का कामकाज शुरू
मुख्य बाजार हमीरपुर में महिला पुलिस थाने का कामकाज शुरू हो गया है।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर : मुख्य बाजार हमीरपुर में महिला पुलिस थाने का कामकाज शुरू हो गया है। शिक्षा विभाग के भवन में यह कार्यालय चलाया जा रहा है। इससे पूर्व महिला थाना पुलिस लाइन दोसड़का में पुलिस भवन में चल रहा था। इस थाने को मुख्य बाजार में स्थापित करने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। इसके लिए पुलिस प्रशासन को भी लंबी जद्दोजहद करनी पड़ी। लॉकडाउन से पूर्व ही इसकी कवायद पुलिस प्रशासन ने तेज कर दी थी। पुलिस प्रशासन के नाम पर शिक्षा विभाग ने इस भवन को एनओसी प्रदान करने के लिए औपचारिकताएं पूर्ण कर ली हैं। थाना प्रभारी किरण ठाकुर ने बताया कि शहर के मुख्य बाजार में महिला थाना शुरू होने से महिलाओं को लाभ मिलेगा।
जिला पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि जिला के मुख्य बाजार में महिला पुलिस थाना कार्यालय से महिला शिकायतकर्ताओं को लाभ मिलेगा। महिला पुलिस कर्मी होने से वे अपने बाते उन्हें पूरी तरह से बता सकती हैं।