'मोदी सरकार में रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना भारत', अनुराग ठाकुर बोले- EVM पर सवाल उठाना विपक्ष का दोहरा रवैया
एनआईटी हमीरपुर में शिक्षा महाकुंभ 2026 का छठा संस्करण संपन्न हुआ, जिसमें अनुराग ठाकुर ने विकसित भारत के लिए युवाओं की भूमिका पर जोर दिया।
-1791720628671_m.webp)
मोदी सरकार में रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना भारत, 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की अहम भूमिका: अनुराग ठाकुर
HighLights
एनआईटी हमीरपुर में शिक्षा महाकुंभ 2026 का समापन हुआ
अनुराग ठाकुर ने विकसित भारत के लिए युवाओं की भूमिका बताई
राष्ट्रीय सुरक्षा, आधुनिक तकनीक और भारतीय संस्कृति पर चर्चा हुई
संवाद सहयोगी, हमीरपुर। एनआईटी हमीरपुर में रविवार को शिक्षा महाकुंभ 2026 के छठे संस्करण का समापन हुआ। कार्यक्रम में हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। समाजसेवी डॉ. इंद्रेश कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि त्रिपुरा सरकार की आईएएस अधिकारी सोनल गोयल भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
सुरक्षित भारत, विकसित भारत की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधुनिक तकनीक और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई। अनुराग सिंह ठाकुर ने शिक्षा महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए विद्या भारती और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और समृद्धि विकसित राष्ट्र की नींव हैं।
वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवाओं को आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि शिक्षा महाकुंभ का अगला संस्करण आईआईटी जम्मू में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। देश स्वदेशी रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
ईवीएम पर सवाल उठाने को बताया दोहरा मापदंड
सांसद अनुराग ठाकुर ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण और ईवीएम को लेकर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाना विपक्ष का दोहरा मापदंड है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन होना चाहिए और संबंधित लोगों को आपत्तियां दर्ज करवाने का अवसर मिलना चाहिए।
दिल्ली में चल रहे आंदोलन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना और सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन को आवश्यक जानकारी देना जरूरी है।
भारत विरोधी गतिविधियों और विदेशी फंडिंग के मुद्दे पर उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित करने वाले प्रयासों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता जताई। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सुपर इमरजेंसी संबंधी बयान पर भी उन्होंने राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में सवाल उठाए।
शिक्षा और संस्कार से मजबूत होगा विकसित भारत
कार्यक्रम में डॉ. इंद्रेश कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता, सम्मान, शिक्षा, स्वाभिमान और संस्कार प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकताएं हैं। विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने भारतीय संस्कृति, भाषाओं और राष्ट्रीय पहचान के प्रति गौरव की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।
