प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन शीघ्र : कुलदीप राठौर
- प्रदेश कार्यकारिणी में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की दी जाएगी जगह - कांग्रेस पार्टी में अनुशासनहीनता करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं - जिला अध्यक्षों व ब्लाक अध्यक्षों की घोषणा भी शीघ्र - प्रदेश भर के हर जिला के दौरे कार्यकारिणी घोषित होते ही करूंगा
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन शीघ्र किया जाएगा तथा इसमें वरिष्ठ नेताओं को पूरा अधिमान दिया जाएगा। कार्यकारिणी में जोश व होश का पूरा समन्वय होगा। संगठन के एक वर्ष के कार्यकाल में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकत्रित करने का काम किया गया है और गुटबाजी के उभरने पर विराम लगाया है। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने शनिवार को हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए कर्मठ कार्यकर्ताओं को ही महत्व दिया जाएगा। संगठन में किसी भी तरह की अनुशासहीनता करने वालों को कोई स्थान नहीं होगा। जिला व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष की घोषणा भी शीघ्र ही की जाएगी। प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही प्रदेशभर के हर जिले का दौरे शुरू किया जाएगा। राठौर ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रत्याशियों के लिए दिन-रात मेहनत कर प्रचार किया है।
भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए राठौर ने कहा कि पहली बार हिमाचल से संबंध रखने वाले नेता व मंत्री लोकतंत्र की मर्यादा भूल गए और फिर उन पर चुनाव आयोग ने शिकंजा तक कस दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने प्रदेश की जनता की समस्याओं की परवाह ने करते हुए दिल्ली में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में डटे रहे जोकि यहां की जनता के हित में नहीं हैं।
इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजेंद्र जार, प्रदेश पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा, पंचायत प्रधान सुदर्शन शर्मा, नरेश लखनपाल, शगुनदत्त शर्मा मौजूद थे।