Himachal Election: इस दिग्गज के प्रचार में उतरने से प्रत्याशियों को मिला सहारा, शाह व योगी कर चुके हैं रैलियां
Himachal Pradesh Assembly Election 2022 पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के गृह जिला हमीरपुर में उनकी विधानसभा चुनाव न लड़ने की घोषणा के बाद कार्यकर्ता निराश हो गए थे और उन्होंने चुप्पी साध ली थी। लेकिन जब धूमल क्षेत्र में प्रचार के लिए उतरे तो समर्थक भी चहक उठे।
हमीरपुर, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के गृह जिला हमीरपुर में उनकी विधानसभा चुनाव न लड़ने की घोषणा के बाद कार्यकर्ता निराश हो गए थे और उन्होंने चुप्पी साध ली थी। लेकिन जब धूमल क्षेत्र में प्रचार के लिए उतरे तो समर्थक भी उनके साथ प्रचार में उतर गए हैं। धूमल सुबह से शाम तक नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। जिला में गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ रैलियां कर चुके हैं।
अनुराग ठाकुर भी लंबे समय से सक्रिय
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी काफी समय से जिला में सक्रिय हैं। भाजपा समग्र विकास की बात कहकर मतदाताओं के पास जा रही है जबकि कांग्रेस नेता पुरानी पेंशन योजना की बहाली की बात कर रही है। बड़सर विधानसभा क्षेत्र में टिकट आवंटन से अंसतुष्ट रहे संजीव शर्मा के मैदान में उतरने से मुकाबला कड़ा हो गया है। जिला में धूमल के सक्रिय होने से भाजपा प्रत्याशियों में उत्साह है।
हमीरपुर सदर में नौ प्रत्याशी मैदान में
हमीरपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, लेकिन यहां निर्दलीय आशीष शर्मा भाजपा के नरेंद्र ठाकुर व कांग्रेस के डा. पुष्पिंद्र वर्मा को चुनौती दे रहे हैं। भोरंज में भाजपा के डा. अनिल धीमान व कांग्रेस के सुरेश कुमार के बीच मुकाबला है। बड़सर में असंतुष्ट संजीव शर्मा भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा व कांग्रेस प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल के लिए चुनौती बने हुए हैं। नादौन से कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर सिंह सुक्खू व भाजपा प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री के बीच मुकाबला है हालांकि आप प्रत्याशी शैंकी ठुकराल किसी के भी समीकरण बिगाड़ सकते हैं। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा व भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रंजीत सिंह के बीच रोचक मुकाबला है। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल काफी समय से सक्रिय हैं व उनका मतदाताओं पर भी अच्छा प्रभाव है।
यह भी पढ़ें : Himachal Pradesh Election 2022: प्रदेश के साथ गृह जिले में पसीना बहा रहे नड्डा, 50-50 रही हैं दोनों पार्टियां
यह भी पढ़ें : Himachal Election 2022: कांग्रेस के गढ़ में भाजपा को दिग्गजों की रैलियों का सहारा, दिखने लगी उम्मीद