नादौन शहर में नहीं जल रही स्ट्रीट लाइटें
पिछले तीन दिनों से नादौन शहर की अधिकांश स्ट्रीट लाईटें बन्द पड़ी हैं। परन्तु नगर पंचायत को लोगों की मुश्किलों की ओर जरा भी ध्यान नहीं है। आजकल शहर भर की सड़के तथा गलियों को सीवरेज के निर्माण के लिए उखाड़ा हुआ है।
संवाद सहयोगी, नादौन : पिछले तीन दिनों से नादौन शहर की अधिकांश स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। जिस कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। नगर परिषद की ओर से लोगों की समस्याओं की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। शहर भर की सड़के तथा गलियों को सीवरेज के निर्माण के लिए उखाड़ा हुआ है। जिससे रास्तों में गड्ढे बने हुए हैं। यहीं नहीं सीवरेज निर्माण के किए कई रास्तों तथा गलियों में विभाग ने ईटें आदि फैंक रखी है। रात के अंधेरे में लोग इन स्थानों पर ठोकरे खाने को विवश है। तीन दिन पहले रात को वर्षा के समय आसमानी बिजली से धमाकों के बाद शहर भर में कई स्थानों वह मार्गो पर स्ट्रीट लाइट गुल हो गई थी। जिनकी मरम्मत की ओर ध्यान न देने से यह समस्या पैदा हुई है। शहर के जैन चौक से पत्तन बाजार तथा डाकघर तक तो अंधेरे में खोदी गई सड़कों के कारण चलना मुश्किल हो रहा है। लोगों को दिन के समय ही अपने-अपने घरों में दुबकना उनकी मजबूरी हो चुका है। यही हाल शहर के कई बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों का है जहां शाम ढलते ही अंधेरे का साम्राज्य बन जाता है। लोगों ने पंचायत से इन बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत युद्ध स्तर पर करने की मांग की है।
उधर, नगर पंचायत कार्यकारी सचिव देशराज चौधरी ने कहा कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र मरम्मत करने के आदेश कर्मचारियों को दिए गए हैं और शीघ्र ही समस्या का हल कर लिया जाएगा।