विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर में शुरू होगा एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज, CM सुक्खू आज करेंगे उद्घाटन; 4 विषयों की 210 सीटों से शुरुआत

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 11:26 AM (IST)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हमीरपुर के जोलसप्पड़ में देश के पहले सरकारी एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज का शुभारंभ करेंगे। यह ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सुक्खू ने हमीरपुर में एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज का उद्घाटन किया।

  2. शुरुआत में चार पाठ्यक्रमों में 210 सीटें उपलब्ध होंगी।

  3. यह देश का पहला सरकारी एलाइड हेल्थकेयर कॉलेज है।

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू हमीरपुर के जोलसप्पड़ स्थित डा. आरकेजीएमसी एवं अस्पताल परिसर में एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज का शुभारंभ करेंगे। इससे पहले रेडियोलाजी, एनेस्थीसिया, प्रयोगशाला तकनीक और डायलिसिस की पढ़ाई के अवसर इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (आइजीएमसी) शिमला और टांडा मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध थे।

व्यावसायिक प्रशिक्षण मिलेगा

अटल आयुर्विज्ञान एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश संबंधी जानकारी के अनुसार हमीरपुर कॉलेज में शुरुआती चरण में चार स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 210 सीटें निर्धारित हैं। इनमें अस्पतालों की जांच, चिकित्सा उपकरणों के संचालन और उपचार में सहयोग से जुड़ा व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद रोजगार के भी अवसर रहेंगे।

किस विषय में कितनी सीटें

बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलाजी एंड इमेजिंग टेक्नोलाजी, बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस और बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एंड आपरेशन थियेटर टेक्नोलाजी में 60-60, जबकि बैचलर आफ डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलाजी में 30 सीटें हैं। 

330 सीटें उपलब्ध कराने की योजना 

सरकार ने आगे छह पाठ्यक्रमों में कुल 330 सीटें उपलब्ध कराने की योजना घोषित की है। प्रस्तावित पाठ्यक्रमों में प्रयोगशाला विज्ञान, रेडियोलाजी, एनेस्थीसिया, आप्टोमेट्री और फिजियोथेरेपी में 60-60 सीटें तथा डायलिसिस तकनीशियन पाठ्यक्रम में 30 सीटें शामिल हैं। घोषित कुल क्षमता और मौजूदा प्रवेश सत्र की 210 सीटें अलग-अलग हैं।

6.87 करोड़ मशीनरी के लिए

कॉलेज के संचालन के लिए आवश्यक मशीनरी और उपकरण खरीदने के वास्ते राज्य सरकार ने 6.87 करोड़ रुपये जारी करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए जरूरी संसाधन देना है।

बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलाजी 

आइजीएमसी और टांडा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलाजी शुरू करने का निर्णय लिया है। दोनों संस्थानों में 30-30 सीटों का वार्षिक प्रवेश लक्ष्य है। इससे कैंसर उपचार में इस्तेमाल होने वाली विकिरण तकनीक के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होगा।

स्टेट एलाइड एवं हेल्थकेयर काउंसिल के चेयरमैन विनोद चौहान ने कहा कि सरकारी क्षेत्र में यह देश का पहला एलाइड हेल्थकेयर कालेज है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से अन्य विषय शुरू करने का आग्रह करेंगे।

यह भी पढ़ें: माइक्रोलाइट विमान से उड़ान भरेंगे हिमाचल के NCC कैडेट, CM सुक्खू ने भुंतर में किया एयर विंग हैंगर का उद्घाटन