हिमाचल के हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का लांचिंग पैड गिरने से हादसा, दो मजदूर गंभीर रूप से घायल
हमीरपुर बाईपास पर मसियाणा के पास हथली खड्ड में निर्माणाधीन लोहे के पुल का लांचिंग पैड गिरने से हादसा हो गया।
HighLights
हमीरपुर बाईपास पर निर्माणाधीन पुल का लांचिंग पैड गिरा
हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर उठे सवाल
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। हमीरपुर बाईपास पर मसियाणा के पास हथली खड्ड में निर्माणाधीन लोहे के पुल का लांचिंग पैड शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच अचानक एक तरफ से नीचे बैठ गया। देखते ही देखते पुल का एक हिस्सा नीचे जा गिरा।
हादसे के समय मौके पर करीब आठ मजदूर काम कर रहे थे। पुल का हिस्सा गिरने की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल हमीरपुर पहुंचाया गया।
गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।मिली जानकारी के अनुसार हथली खड्ड पर राष्ट्रीय राजमार्ग के तहत लोहे के पुल का निर्माण कार्य चल रहा है।
शुक्रवार दोपहर अचानक लांचिंग पैड एक तरफ से नीचे बैठा और पुल का हिस्सा नीचे गिर गया। इससे मौके पर काम कर रहे मजदूरों में अफरातफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू किया गया और दोनों घायल मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
निर्माणाधीन पुल का हिस्सा इस तरह अचानक नीचे गिरने से निर्माण कार्य में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस समय हादसा हुआ, उस दौरान करीब आठ मजदूर मौके पर काम कर रहे थे।
ऐसे में लांचिंग पैड की मजबूती, कार्यस्थल की सुरक्षा और निर्माण कार्य की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग का यह निर्माण कार्य एनएचआई की देखरेख में कंपनी की ओर से करवाया जा रहा है।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की निगरानी और जिम्मेदारी तय करने की जरूरत सामने आई है।सूचना मिलते ही डीएसपी हरीश गुलरिया, तहसीलदार और बचाव कार्य की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। हादसे के वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होंगे।
