विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर में घर से गायब 6 साल की मासूम, SDRF ने ड्रोन से सर्च अभियान चलाया; 5 दिन से माता-पिता रो-रोकर बेहाल

By Ranbir Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 19 Apr 2026 06:30 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में साढ़े 6 साल की नायरा चार दिन से लापता है। बड़सर के कलबाड़ा गांव ...और पढ़ें

6 साल की नायरा को ढूंढने में में जुटी एसडीआएफ टीम।

6 साल की नायरा को ढूंढने में में जुटी एसडीआएफ टीम।

HighLights

  1. हमीरपुर में साढ़े 6 साल की नायरा चार दिन से लापता।

  2. पुलिस, एसडीआरएफ टीमें और ड्रोन से गहन तलाशी जारी।

  3. एसपी ने परिवार को सांत्वना दी, जनता से मदद मांगी।

संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में एक साढ़े 6 साल की मासूम रहस्यमय परिस्थितियों में गायब है। बड़सर उपमंडल की पंचायत कड़साई के गांव कलबाड़ा से घर के पास से अचानक बच्ची लापता हो गई है। घटना को चार दिन बीतने के बावजूद बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे जहां पुलिस और बचाव टीमें लगातार प्रयासों में जुटी हैं, वहीं स्वजन की चिंता और बेचैनी हर गुजरते दिन के साथ बढ़ रही है।

घर के पास खेल रही थी बच्ची 

नायरा बुधवार सुबह करीब आठ बजे अपने घर के पास खेल रही थी, तभी वह अचानक लापता हो गई। स्वजन ने पहले अपने स्तर पर बच्ची की तलाश की, लेकिन कोई सफलता न मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बड़सर पुलिस ने पहले दिन स्थानीय ग्रामीणों के साथ आसपास के खेतों, जंगलों और संभावित स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। 

ड्रोन के जरिये तलाश

दूसरे दिन आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए ड्रोन के जरिये पूरे इलाके की निगरानी की गई, लेकिन इसके बावजूद बच्ची का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीमों को भी सर्च आपरेशन में शामिल किया गया।

एसपी भी पहुंचे मौके पर 

रविवार को हमीरपुर के एसपी बलबीर सिंह ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बच्ची के माता-पिता से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार से एसडीआरएफ की दो अतिरिक्त टीमें भी सर्च अभियान में शामिल होंगी।

मां रो-रोकर बेहाल

उधर, मासूम नायरा की मां मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है। वह लगातार भगवान से अपनी बच्ची की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रही है। बच्ची के पिता रविंद्र कुमार ने बताया कि कई दिन बीतने के बावजूद अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है, हालांकि पुलिस और ग्रामीण हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। 

वहीं कड़साई पंचायत के पूर्व प्रधान रोमी कुमार ने उम्मीद जताई कि संयुक्त प्रयासों से जल्द ही बच्ची का पता चल जाएगा।

क्या कहते हैं एसपी

एसपी बलबीर सिंह ठाकुर ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें या बच्ची के पिता रविंद्र कुमार के मोबाइल नंबर 62303-96169 पर संपर्क करें।

यह भी पढ़ें: मंडी कॉलेज की छात्रा का किराये के कमरे में मिला शव, डायरी से पन्ने मिले गायब; सिया हत्याकांड के बाद एक और मामला