ट्रैक्टर-ट्रालियों में ढोया जा रहा कूड़ा, बदबू से परेशानी
नगर पंचायत नादौन द्वारा खुली ट्रैक्टर-ट्रालियों में शहर के दुर्गध भरे कूड़े-कचरे को ढोकर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। वही नगर पंचायत प्रांगण में ही हाल ही में मोटी राशि से बनवा कर रखे गए कूड़ादानों के बाहर फैंका जा रहा कूड़ा-कचरा
संवाद सहयोगी, नादौन : नगर पंचायत नादौन द्वारा ट्रैक्टर-ट्रालियों में शहर के कूड़े को ढोकर नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। नगर पंचायत परिसर में रखे गए कूड़ादानों के बाहर गंदगी फेंककर निर्मल भारत अभियान को पीछे धकेला जा रहा है। नियम तो यह हैं कि कूड़े को बंद ट्रालियों में ढोया जाए। हालांकि नगर पंचायत ने एक बंद ट्राली भी बनवा रखी है। इसके बावजूद किराये पर ली गई खुली ट्रैक्टर ट्राली में कूड़ा ढोना कई सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का कहना है कि इस वाहन के गुजरते हुए गंदगी कई बार सड़क पर गिरती रहती है और बदबू भी उठती है। लोगों ने समस्या का समाधान की गुहार लगाई है। उधर, नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक कुलदीप चंद ने बताया कि नगर पंचायत में कूड़ा ढोने के लिए बंद ट्राली है। सफाई कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि वे खुली ट्राली का प्रयोग न करें।