सरकार के काम जनता को बताएं, चुप न बैठें
संवाद सहयोगी टौणीदेवी कार्यकर्ताओं को खुले मन से जनता को सरकार की ओर से किए हुए बताने च
संवाद सहयोगी, टौणीदेवी : कार्यकर्ताओं को खुले मन से जनता को सरकार की ओर से किए हुए बताने चाहिए। हम लोग बोलने में संकोच करते हैं और विरोधी झूठी बात बोल कर लोगों को बड़े आत्मविश्वास से बहकाते हैं। अगर हम बोलेंगे नहीं, सच्चाई लोगों को नहीं बताएंगे तो वह बहकावे में आ जाएंगे। यह बात बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहे। बुधवार को सुजानपुर विधानसभा के टौणीदेवी माता मंदिर के सराय परिसर में भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में हुई, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और केंद्र दोनों जगह सरकारें हमारी हैं और दोनों सरकारों ने बहुत बढि़या काम किया है, जो लगातार जारी है। आमजन, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं, कर्मचारी, अधिकारी, किसान, बागवान इत्यादि सहित समाज के हर वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए अनेकों कार्य किए जा रहे हैं।
लोगों को लाभ भी मिल रहा है, लेकिन जिस व्यक्ति को फायदा मिल जाता है वह चुपचाप बैठ जाता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मिलने वाले लाभ का जिक्र पार्टी कार्यकर्ता को करना है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल ही में प्रदेश में हुए उपचुनावों में जो ठोकर लगी है वह पार्टी के लिए एक चेतावनी है, जितने काम लोगों के हुए, जितना लाभ लोगों को मिला उतने वोट पार्टी को शायद नहीं मिल पाए। इसलिए कार्यकर्ताओं को जागरूक होना पड़ेगा और अपनी उपलब्धियों का जिक्र करना पड़ेगा। कार्यकर्ताओं को अगर कुछ समस्या आती है तो उन्हें पार्टी में बात करनी चाहिए। पार्टी के बाहर कोई नकारात्मक बात नहीं होनी चाहिए। मंडल के सभी ग्राम केंद्रों पर और मतदान केंद्रों पर पार्टी का सारा स्ट्रक्चर खड़ा है, सब अपनी अपनी जिम्मेदारी को समझें और बड़ी ही सटीकता के साथ अपने क्षेत्र में किए गए कार्यो की जानकारी हासिल करें और फिर उन्हें लोगों तक पहुंचाएं।