तिरंगा यात्रा व भराड़ी माता मंदिर में माथा टेककर डा. धीमान ने किया चुनावी शंखनाद
जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं भोरंज विधानसभा क्षेत्र में राजनीतक गतिविधियां बढ़ी हैं।
संवाद सहयोगी, जाहू : जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं भोरंज विधानसभा क्षेत्र में उप मुख्य सचेतक एवं क्षेत्र की विधायक कमलेश कुमारी को पूर्व शिक्षामंत्री आइडी धीमान के पुत्र पूर्व विधायक डा. अनिल धीमान की उम्मीदवारी की चुनौती मिलने लगी है। शनिवार को भोरंज विधानसभा क्षेत्र के टाउन भराड़ी माता मंदिर के प्रांगण में विशाल कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का आयोजन नंधन पंचायत की ओर से किया गया। सबसे पहले पट्टा से लेकर टाउन भराड़ी तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। टाउन भराड़ी में पहुंचते ही नंधन पंचायत प्रतिनिधियों ने डा. अनिल धीमान का हार पहनाकर स्वागत किया और 'तुम आगे बढ़ो हम तुम्हारे साथ' के नारे लगाए। स्थानीय टाउन भराड़ी माता मंदिर में डा. अनिल धीमान में पूजा कर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान भोरंज भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष जैमल ठाकुर व जोगिद्र सिंह राणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं की अनदेखी के लिए विधायक कमलेश कुमारी पर आरोप लगाए।
पूर्व विधायक डा. अनिल धीमान ने अपने भाषण में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी से टिकट मांगना मेरा अधिकार है। अगर पार्टी टिकट नहीं देती है तब भी चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा का विकास पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, पूर्व शिक्षा मंत्री आइडी धीमान और वर्तमान में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया है।
इस दौरान वीरेंद्र डोगरा, विपिन अग्निहोत्री, सुभाष ठाकुर, मंजना वर्मा, रणजीत सिंह ठाकुर, पवन कुमार, सोमा देवी, राजेश ठाकुर, मूलराज शर्मा, रामलाल शर्मा, करतार चंद शर्मा, अशोक राणा, देशराज, जोगिद्र सिह, संतोष धीमान, राकेश कुमार महल, शशि, अंकु, विनीत व अन्य उपस्थित थे।