विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DGP ने एनआईटी हमीरपुर के छात्रों से एंटी-चिट्टा, जन आंदोलन में शामिल होने की अपील की

Published: Fri, 25 Sep 2026 03:04 PM (IST)

डीजीपी अशोक तिवारी ने एनआईटी हमीरपुर के छात्रों से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के एंटी-चिट्टा जन आंदोलन में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।

DGP ने एनआईटी हमीरपुर के छात्रों से एंटी-चिट्टा (डीजीपी फाइल फोटो)

DGP ने एनआईटी हमीरपुर के छात्रों से एंटी-चिट्टा (डीजीपी फाइल फोटो)

HighLights

  1. डीजीपी ने एनआईटी हमीरपुर के छात्रों से संवाद किया

  2. एंटी-चिट्टा जन आंदोलन में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया

  3. पुलिस और एनआईटी के बीच सहयोग बढ़ाने पर विचार

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के निमंत्रण पर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आज संस्थान के छात्रों के साथ संवाद किया।

यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रहे एंटी-चिट्टा जन आंदोलन का हिस्सा था। इस दौरान युवा इंजीनियरों से आगे आकर चिट्टे के खिलाफ प्रदेश की लड़ाई में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान किया गया।

एनआइटी के ऑडिटोरियम में स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को संबोधित करते हुए डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि 15 नवंबर, 2025 से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शुरू हुआ एंटी-चिट्टा जन आंदोलन केवल सरकार या पुलिस का अभियान नहीं है।

मुख्यमंत्री का आह्वान है कि हिमाचल का हर युवा इस मुहिम से जुड़े और चिट्टे के खिलाफ लड़ाई को सही मायनों में जन आंदोलन बनाए। छात्रों से सहज तरीके से जुड़ते हुए डीजीपी ने अपने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दिनों को भी याद किया।

उन्होंने छात्रों से कहा कि अगले कुछ मिनट मुझे केवल एक पुलिस अधिकारी या डीजीपी के रूप में मत देखिए। मुझे ऐसे व्यक्ति के रूप में देखिए, जो उस रास्ते पर आपसे थोड़ा आगे चल चुका है, जिस पर आप अभी अपनी यात्रा शुरू कर रहे हैं।

अपने पुलिस सेवा के सफर का जिक्र करते हुए उन्होंने छात्रों से कहा कि वे जीवन में लगातार सीखते रहें, आगे बढ़ते रहें और नए अवसर तलाशते रहें। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि हिमाचल प्रदेश पुलिस हमेशा उनके साथ है।कार्यक्रम में 25 वर्षीय महिला कॉन्स्टेबल निकिता ने भी छात्रों से उन्हीं की उम्र के करीब एक युवा के रूप में बात की।

उनका संदेश बहुत सीधा था- खुद को सुरक्षित रखें, अपने दोस्तों का ध्यान रखें और गलत बात देखकर चुप न रहें। उन्होंने कहा कि अगर कोई दोस्त नशे में फंस रहा है तो उसका मजाक बनाने, उसे बदनाम करने या उसके बारे में गॉसिप करने के बजाय उसकी मदद करें। वहीं, चिट्टा बेचकर युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने और उससे पैसा कमाने वालों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जा सके।

डीजीपी ने कहा कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई करती रहेगी, लेकिन चिट्टे के खिलाफ बड़ी लड़ाई तभी जीती जा सकती है, जब छात्र, माता-पिता, शिक्षक और समाज के लोग मुख्यमंत्री के एंटी-चिट्टा जन आंदोलन में बराबर के भागीदार बनें।

हमीरपुर में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन को याद करते हुए डीजीपी अशोक तिवारी ने बताया कि उस दौरान वे तीन दिन एनआइटी परिसर में ही रहे थे। उन्होंने एनआइटी हमीरपुर के छात्रों को 16 सितंबर को ऊना में होने वाले एंटी-चिट्टा अभियान में शामिल होने का निमंत्रण दिया और संस्थान से एक-दो बसों में छात्रों को वहां भेजने पर विचार करने का आग्रह किया।

छात्रों से कहा गया कि वे 112, हिमाचल प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप चैनल के माध्यम से पुलिस के साथ जुड़े रहें। डीजीपी ने एनआइटी हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश पुलिस के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने की बात भी कही।

इसके लिए भविष्य में एमओयू करने की संभावना पर विचार किया जा सकता है। एनआइटी के छात्र और फैकल्टी साइबर क्राइम, टेक्नोलॉजी और आधुनिक पुलिसिंग से जुड़े प्रोजेक्ट्स में पुलिस की मदद कर सकते हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश पुलिस छात्रों को पुलिसिंग का व्यावहारिक अनुभव देने के साथ-साथ आइपीएस , एचपीएस और अन्य पुलिस सेवाओं में करियर बनाने के लिए मार्गदर्शन दे सकती है।

अशोक तिवारी ने कहा कि पुलिस समाज से अलग नहीं है। हर वर्दी के पीछे भी एक इंसान है। हम बहुत से काम अच्छे करते हैं, हमसे गलतियां भी होती हैं और जब हमसे कोई गलती हो तो उसे स्वीकार कर सुधारने की विनम्रता भी हमारे अंदर होनी चाहिए।कार्यक्रम के अंत में डीजीपी ने युवाओं से सीधा आह्वान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने चिट्टे के खिलाफ इस लड़ाई को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है।

अब इस आंदोलन को आपकी ऊर्जा, आपके विचार और आपकी आवाज की जरूरत है। आगे आइए और इससे जुड़िए। केवल दर्शक बनकर मत रहिए। अपने दोस्तों, अपनी पीढ़ी और हिमाचल के भविष्य को बचाने की इस मुहिम में भागीदार बनिए।