पंचायत स्तर पर बनेंगी नशा निवारण समितियां : मरढी
पुलिस महानिदेशक ने हमीरपुर में पत्रकारों से कहा पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियां बनाई जाएंगी।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : प्रदेश सरकार लोगों को सुरक्षा प्रदान करने व उनकी जान व माल की रक्षा करने में सक्षम है। पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियां बनाई जाएंगी। यह बात पुलिस महानिदेशक सीताराम मरढी ने वीरवार को हमीरपुर में पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा प्रदेश में कानून व्यवस्था संतोषजनक है। इस कारण लोगों का पुलिस की कार्यप्रणाली पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि 2019 में 6208 व 2018 में 6254 मामले दर्ज हुए हैं। इस वर्ष आबकारी अधिनियम के तहत 48.5 प्रतिशत व मादक द्रव्य अधिनियम के तहत 1.8 प्रतिशत मामलों में वृद्धि हुई है। प्रदेश में हत्याओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
2018 में हत्या के 31 मामले दर्ज हुए थे, जबकि 2019 में 16 दर्ज हुए हैं। उन्होंने के प्रदेश में हत्या के प्रयास करने के वर्ष 2018 में 14 मामले दर्ज हुए थे जोकि वर्ष 2019 में 16 मामले दर्ज हुए हैं। इस वर्ष चोरी के मामलों 37.5 प्रतिशत कमी दर्ज हुई है। 2018 में दुष्कर्म के 99 व 2019 में 92 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें से अधिकांश मामलों को सुलझा लिया है। आदित्य अपहरण मामला सीआइडी विग देख रहा है। इसका भी सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं से छेड़छाड़ के मामलों को रोकने के लिए प्रयास तेज किए हैं। भांग, चरस व चिट्टे के कारोबारियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अपराधियों पर नजर रखने के लिए प्रदेशभर में 28656 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सर्वे रिपोर्ट में हिमाचल पुलिस अन्य राज्यों की अपेक्षा बेहतर स्थान पर है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों पर पूरी नजर रखने को कहा। इस मौके पर आइजी बेणुगोपाल, एसपी हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर, एसपी बिलासपुर अशोक कुमार, एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप