जनरल जोरावर कॉलेज में शीघ्र भरे जाएं पद
जनरल जोरावर सिंह स्मारक समिति धनेटा की कार्यकारिणी की बैठक एएसएसडी पब्लिक स्कूल ग्वालपत्थर परिसर में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष जनरल जोरावर सिंह स्मारक समिति धनेटा रघुवीर सिंह ठाकुर ने की। बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि जो स्टाफ अभी तक सरकार ने अधिकृत नहीं किया है उसे जल्द से जल्द अधिकृत कर नियुक्ति दी जाए।
संवाद सहयोगी, गलोड़ : जनरल जोरावर सिंह स्मारक समिति धनेटा की कार्यकारिणी की बैठक एएसएसडी पब्लिक स्कूल ग्वालपत्थर परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष जनरल जोरावर सिंह स्मारक समिति धनेटा रघुवीर सिंह ठाकुर ने की।
बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि जनरल जोरावर सिंह महाविद्यालय में जो स्टाफ अभी तक सरकार ने अधिकृत नहीं किया है, उसे जल्द से जल्द अधिकृत कर नियुक्ति दी जाए। इसके साथ ही सरकार से बीबीए, बीसीए व पीजीडीसीए से संबंधित एंडोमेंट राशि को जनरल जोरावर सिंह स्मारक समिति के पक्ष में रिलीज करने संबंधी प्रस्ताव भी पारित हुआ। यह भी निर्णय लिया गया कि जनरल जोरावर सिंह महाविद्यालय के अधिग्रहण की नोटिफिकेशन के उपरांत स्टाफ के वेतन का भुगतान सरकार द्वारा किया जाए। इसके अतिरिक्त कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विनीत कुमार को नियुक्त किया गया। कृष्ण गोपाल गोशाला भदरूं के लिए भूमि, जो कि स्मारक समिति के नाम है, को नाम करने के लिए रघुवीर सिंह ठाकुर की अधिकृत किया गया। इसके अतिरिक्त राजकीय महाविद्यालय धनेटा का नामकरण जनरल जोरावर सिंह के नाम करने के बारे में हस्ताक्षर अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अश्वनी शर्मा, हरिचंद लखनपाल, राजकुमार बीडीसी सदस्य, देवेंद्र सिंह ठाकुर, सुनील, अरविद, रतन, सुरेश पटियाल, सम्मी व डॉ राकेश कुमार शर्मा मौजूद रहे।