हिमाचल के किसानों को तोहफा, केंद्र ने जारी किया 64.82 करोड़; अनुराग ठाकुर ने जताया आभार
केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के कृषि क्षेत्र के लिए 64.82 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी की है। पूर्व ...और पढ़ें

हिमाचल के किसानों के लिए केंद्र ने जारी की 64.82 करोड़ की दूसरी किस्त।
HighLights
केंद्र ने हिमाचल कृषि के लिए 64.82 करोड़ की दूसरी किस्त दी।
अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री और कृषि मंत्री का आभार जताया।
राज्य सरकार से राशि के पारदर्शी उपयोग का आग्रह किया।
जागरण संवाद केंद्र, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के कृषि क्षेत्र के लिए केंद्र सरकार ने 64.82 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार सहयोग कर रही है। अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि जारी राशि में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के तहत 28.31 करोड़ और कृषि उन्नति योजना के तहत 36.51 करोड़ रुपये शामिल हैं।
उनके अनुसार पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने हिमाचल के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 589.59 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इसमें से 456.07 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं और 378.24 करोड़ रुपये का उपयोग कृषि विकास कार्यों में किया गया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए फसल विविधीकरण, सिंचाई, कृषि ढांचे और बाजार सुविधा को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से केंद्र से मिली राशि का पारदर्शी और समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि इसका लाभ किसानों तक पहुंचे।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के 88.85 प्रतिशत किसान छोटे और सीमांत श्रेणी में आते हैं। ऐसे में कृषि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है। केंद्र सरकार आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार संपर्क और प्राकृतिक खेती सहित विभिन्न क्षेत्रों में हिमाचल को सहयोग दे रही है।
