हथोल में 3 करोड़ 45 लाख से बनेगा पुल
हथोल पंचायत का प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रधान सेवन कुमार की अगुआई में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री से नादौन रेस्टहाउस में मिला।
संवाद सहयोगी, जलाड़ी : हथोल पंचायत का प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रधान सेवन कुमार की अगुआई में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री से नादौन रेस्टहाउस में मिला। पूर्व विधायक के साथ बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बटराण-ग्वाल पत्थर सड़क पर हथोल में मान खड्ड पर पुल की स्वीकृति कराने के लिए आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक से मांग की कि पुल का शिलान्यास मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से करवाया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत में प्रस्तावित पेयजल स्कीम का भी शिलान्यास मुख्यमंत्री से करवाने की मांग की। पूर्व विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिया कि जल्द ही मुख्यमंत्री पुल का शिलान्यास करेंगे। पंचायत प्रधान सेवन कुमार ने बताया पुल के निर्माण के लिए तीन करोड़ 45 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। दो करोड़ की पहली किस्त भी लोक निर्माण विभाग के पास पहुंच गई है। प्रदेश सरकार से छह महीने पहले ही पुल के निर्माण की मांग की गई थी। पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने कहा मुख्यमंत्री नबंवर महीने में पुल का शिलान्यास करेंगे। पंचायत प्रधान हथोल पंचायत सेवन कुमार ने बताया मुख्यमंत्री का हथोल पंचायत में आने पर जोरदार स्वागत किया जाएगा।