केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग की सादगी की एक और बानगी, आम आदमी की तरह किया सफर
हमेशा अपने काम से जनता के बीच खास बने रहने वाले अनुराग ठाकुर वॉल्वो बस में आम आदमी की तरह सफर करते नजर आये।
हमीरपुर, जेएनएन। हमीरपुर के सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर अपने काम के लिए जनता की नजरों में खास बने रहते हैं। सांसद स्वास्थ्य योजना के तहत एंबुलेंस चलाने की बात हो या खेल महाकुंभ की, अनुराग को जनता का अनुराग ही मिला है। इस बार चर्चा उनकी सादगी के कारण हो रही है। सोमवार को केंद्रीय मंत्री के फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह वॉल्वो बस में आम आदमी की तरह सफर कर रहे हैं।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत आते कांगड़ा जिले के परागपुर में रविवार को राज्यस्तरीय लोहड़ी महोत्सव के उद्घाटन समारोह में अनुराग शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने दिल्ली लौटना था, इसलिए वह काफिले के साथ चंडीगढ़ पहुंचे। वहां से उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम के हमीरपुर डिपो की (हमीरपुर-दिल्ली) वॉल्वो बस में सफर किया।
सफर के दौरान केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री को नींद का झोंका आया और वह सीट पर ही सो गए। उनका सोते हुए का फोटो किसी यात्री ने खींच लिया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि परागपुर आने से एक दिन पहले यानी 11 जनवरी को अनुराग ने कर्नाटक के बेलगाम समेत चार स्थानों पर नागरिकता संशोधन कानून पर रैलियों को संबोधित कर जनता को जागरूक किया। इसके बाद वह फ्लाइट से दिल्ली लौटे। दिल्ली में रात दो बजे तक बैठकों में शामिल होते रहे। 12 जनवरी को सुबह विमान से चंडीगढ़ पहुंचे और वहां से परागपुर के लिए रवाना हुए।
पता नहीं किसने खींची फोटो वायरल तस्वीर के बारे में अनुराग से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि रात को करीब साढ़े 11 बजे दिल्ली की बस में बैठे थे। नींद आने की वजह से वह सो गए थे। उन्हें यह जानकारी नहीं है कि किसने उनका फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पहले भी वह कई बार बस में सफर करते रहे है। इसी बहाने लोगों से बातचीत भी हो जाती है।