जीत के बाद अनुराग ठाकुर ने निकाला रोड शो
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने जीत के बाद रोड शो निकाला। इस दौरान कई जगह पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर : भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़कर जीत का चौका लगाया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र हमीरपुर में वीरवार सुबह साढ़े आठ बजे मतगणना शुरू हुई। भाजपा व कांग्रेस के एजेंट सुबह आठ बजे से पहले ही स्ट्रांग रूम में पहुंचना शुरू हो गए थे। स्कूल के मैदान में कार्यकताओं का उत्साह देखने वाला था।
भाजपा कार्यकर्ता दोपहर बाद लाखों की बढ़त सुनते ही अनुराग ठाकुर जिदाबाद के नारे लगाने लगे, जबकि महिला मोर्चा की पदाधिकारी नाचने लगीं। अनुराग ठाकुर सुबह से ही अपने घर समीरपुर में रूझान लेते रहे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी देश व प्रदेशभर का रूझान समीरपुर में लेते रहे। इसके बाद अनुराग ठाकुर के साथ सर्किट हाउस में पहुंचे। जैसे ही अनुराग जीत की ओर बढ़े तो समीरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ गई। अनुराग भी हमीरपुर से अपने घर की ओर रवाना हुए। उनका कई जगह पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। टौणीदेवी में भी कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। सायं छह बजे अनुराग ठाकुर छात्र स्कूल हमीरपुर पहुंचे और हमीरपुर शहर में रोड शो निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी जोश देखा गया। उन्होंने हमीरपुर शहर में अनुराग ठाकुर का भव्य स्वागत किया। अनुराग ठाकुर कार्यकर्ताओं के साथ गांधी चौक हमीरपुर पहुंचे। उनके चेहरे पर खुशी की झलक दिख रही थी। अनुराग ठाकुर की जीत पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटे और एक-दूसरे को बधाई दी। इसके अलावा पटाखे भी फोड़े। अनुराग ठाकुर ने विधानसभा चुनाव में पिता की हार का बदला ले लिया है। उन्होंने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भारी मतों की लीड ली है। अनुराग ने जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं व मतदाताओं को दिया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप