टिकट मांगना हक, प्रबल दावेदार हूं
पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. ईश्वर दास धीमान (आइडी धीमान) के पुत्र एवं पूर्व विधा
संवाद सहयोगी, जाहू : पूर्व शिक्षा मंत्री स्व. ईश्वर दास धीमान (आइडी धीमान) के पुत्र एवं पूर्व विधायक डा. अनिल धीमान ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बजड़ौड में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव लड़ने की बात भाजपा हाईकमान के पास रख दी है तथा प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचा दी है। टिकट मांगना उनका हक है और वह टिकट के प्रबल दावेदार हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव पार्टी के तत्वाधान में लड़ा जाएगा अन्यथा भोरंज विधानसभा के लोगों की भावनाओं का सम्मान करने हुए चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने उपमुख्य सचेतक एवं विधायक कमलेश कुमारी का बिना नाम लिए हमला बोला और आरोप लगाया कि भाजपा का गढ़ माने जाने वाले विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की है। उन्हें अलग-थलग कर दिया है। इससे कार्यकर्ताओं में विरोध के स्वर उठने लगे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूर्व शिक्षा मंत्री के कार्यकाल में जिस तरह कार्यकर्ताओं का इज्जत और मान-सम्मान था उसे फिर से बहाल किया जाएगा तथा भोरंज विधानसभा में ईमानदारी, कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान, पारदर्शिता और विकास के युग को दोहराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में हर सूरत में चुनाव लड़ा जाएगा। इस दौरान समस्त ग्रामीणों ने डा. अनिल धीमान का साथ देने का प्रण लिया। बैठक को भोरंज ब्लाक के पूर्व मंडलाध्यक्ष जैमल सिंह ठाकुर व जोगिद्र सिंह राणा ने भी संबोधित किया।
इस दौरान भोरंज भाजपा मंडल के सचिव वीरेंद्र डोगरा, पूर्व पंचायत प्रधान अमर सिंह, शशि मोहन, देश राज, कै. राज कुमार, कै. प्रेम सिंह, कै. रमेश चंद, ईश्वर दास भरठयाणी, सूबेदार भाग सिंह, चुनी लाल, सूबेदार रामजी, राज कुमार, सुरेश रावत, राकेश रावत, मिलाप चंद, योगराज राज, राजेश कुमार व अन्य उपस्थित रहे।