महंगाई की मार ने दिखाया भाजपा को आईना : सुरजीत
सुरजीत भरमौरी ने कहा कि देश की जनता को तंग करने के लिए सरकार बस किराये में बढ़ोतरी की योजना बना रही है।
धर्मशाला, जेएनएन। युकां महासचिव एवं कांगड़ा प्रभारी सुरजीत भरमौरी ने कहा कि केंद्र से महंगाई की मार झेल रही प्रदेश की जनता को तंग करने के लिए प्रदेश सरकार बस किराये में बढ़ोतरी की योजना बना रही है। इसी का परिणाम है कि जिला परिषद कांगड़ा उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा समर्थित जिप सदस्यों ने भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ ही मतदान किया है। वहीं मंत्रियों के दुर्व्यवहार के कारण भाजपा समर्थित छात्र संगठन एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन करना पड़ रहा है। अपनी ही सरकार के मंत्रियों के पुतले फूंकने को छात्र संगठन मजबूर हो गए हैं।
यह बात उन्होंने बढ़ती महंगाई के खिलाफ धर्मशाला में आयोजित युवा कांग्रेस रैली के दौरान कही। इस दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मुनीष ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महंगाई से शादी करार देकर बारात निकाली। युका ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में विफल रही है।
प्रदेश की जनता पर बोझ बढ़ाने के लिए अब भाजपा सरकार बस किराये में बढ़ोतरी करने जा रही है। यदि प्रदेश में सरकार ने बस किराया बढ़ाया तो युका मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों और विधायकों का घेराव करेगी। उन्होंने देश के बैंकों से हजारों करोड़ रुपया लूटकर भागे शराब करोबारी को भगाने में वित्त मंत्री का हाथ बताया। उन्होंने कहा कि देश में तेल के दाम बढ़ने से महंगाई बढ़ती जा रही है, लेकिन केंद्र सरकार दाम कम नहीं कर रही है। वहीं रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होता जा रहा है। केंद्र सरकार इस पर लगाम लगाने में नाकाम रही है। इस मौके पर युका प्रदेश उपाध्यक्ष शेखर शेट्ठी, महासचिव अमित पठानिया, गोल्डी चौधरी, कागड़ा-चंबा लोस क्षेत्र अध्यक्ष नीतू चौधरी और एनएसयूआइ के पूर्व जिला अध्यक्ष जितेंद्र धीमान आदि मौजूद रहे।