अस्पताल प्रशासन की लापरवाही ऑपरेशन के बाद महिलाओं को ठंडे फर्श पर लिटाया
नादौन अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य पांच वर्ष से अधर में है। हालांकि कुछ दिन पूर्व ही यहां दोबारा कार्य आरंभ हुआ है।
नादौन, संवाद सहयोगी। शुक्रवार को नादौन अस्पताल में परिवार नियोजन ऑपरेशन के दौरान अव्यवस्था का आलम रहा। स्थान की कमी के कारण ऑपरेशन के बाद करीब 25 महिलाओं को ठंडे फर्श पर ही जैसे-तैसे लिटाया गया। हालांकि कुछ महिलाओं को बैड तो मिला, परंतु एक ही बैड पर दो से तीन महिलाओं को लिटाया गया।
परिवार नियोजन शिविर
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 26 दिसंबर को भी यहां पर परिवार नियोजन शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें कुल 55 महिलाओं ने ऑपरेशन के लिए आवेदन किया था, परंतु संख्या अधिक होने के कारण उस दिन केवल 30 ऑपरेशन ही किए जा सके थे। बची हुई महिलाओं के ऑपरेशन शुक्रवार को किए गए। वहीं 19 जनवरी को फिर से यहां इस शिविर का आयोजन तय है। नादौन अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य पांच वर्ष से अधर में है। हालांकि कुछ दिन पूर्व ही यहां दोबारा कार्य आरंभ हुआ है। इस नए भवन के निर्माण कार्य के कारण पुराने भवन के अधिकांश भाग को गिराया गया था तभी से यहां स्थान की भारी कमी है। जैसे-तैसे अस्पताल प्रशासन अस्पताल के दैनिक कार्यों को निपटाने के लिए मजबूर है।
धूमल ने किया था नए भवन का शिलान्यास
उधर, इस संबंध में नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने आरोप लगाया है कि गत पांच वर्ष में इस
अस्पताल के नए भवन का कार्य कांग्रेस सरकार ने लटकाए रखा जबकि पूर्व भाजपा सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने यहां नए भवन का शिलान्यास किया था। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में भाजपा सरकार का गठन हो गया है। अब यहां हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
उधर, इस बारे में जब सीएमओ हमीरपुर सवित्री कटवाल से बात की तो उन्होंने बताया कि नादौन अस्पताल प्रशासन की ओर से ऐसा किया गया है तो जांच आदेश अवश्य दिए जाएंगे। उन्होंने माना कि महिलाओं को फर्श पर नहीं लिटाना चाहिए था।
यह भी पढ़ें: मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन में बदलने से पर्यटन को लगेंगे पंख: जयराम