राष्ट्रपति के दौरे के दौरान गगल से टांडा तक तीन घंटे बंद रहेगा यातायात
राष्ट्रपति के टांडा दौरे के दौरान 29 अक्टूबर सुबह 10 बजे से दोपहर बाद एक बजे तक कांगड़ा हवाई अड्डा से लेकर टांडा तक मार्ग तीन घंटे पूरी तरह से सील रहेगा।
जेएनएन, धर्मशाला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा के दौरे के दौरान 29 अक्टूबर सुबह 10 बजे से दोपहर बाद एक बजे तक कांगड़ा हवाई अड्डा से टांडा मेडिकल कॉलेज तक तीन घंटे यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान किसी भी वाहन को यहां से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद टांडा मेडिकल कॉलेज के दीक्षा समारोह में शामिल होंगे। वह करीब 100 डॉक्टरों को डिग्रियां देकर सम्मानित करेंगे।
धर्मशाला में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में आइजी उत्तरी रेंज डॉ. अतुल फुलझेले ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर गगल व टांडा होकर गुजरने वाले मार्गो पर यातायात बदला गया है। विभिन्न बटालियनों से करीब एक हजार पुलिस जवान व 25 अधिकारी यहां पहुंच चुके हैं जो पूरे क्षेत्र में सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। डॉ. अतुल फुलझेले ने नया रूट मैप जारी करते हुए कहा कि राष्ट्रपति कांगड़ा में 11 बजे पहुंचेंगे और 12 बजे तक यहीं रुकेंगे। लोगों को गंतव्य स्थानों तक पहुंचने में कोई दिक्कत न आए इसके लिए कांगड़ा पुलिस ने यातायात को बदला है। इस दौरान वर्दी व सादे कपड़ों में जवान सुरक्षा-व्यवस्था संभालेंगे।
बाहर से आने वाले वाहनों को ज्वालामुखी, नगरोटा और नूरपुर में पुलिस प्रशासन के तय रूट प्लान के बारे में अवगत करवाया जाएगा। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान एंबुलेंस सेवा को बहाल रखा जाएगा। इसके लिए टांडा मेडिकल कॉलेज से चलने वाली चार एंबुलेंस को पुलिस के सुरक्षा घेरे में टांडा पहुंचाया जाएगा और यही एंबुलेंस आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं देंगी। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांगड़ा संतोष पटियाल ने शुक्रवार को पहुंचे जवानों को उनकी ड्यूटी ब्रीफ की। इसी रूट प्लान के आधार पर शनिवार व रविवार को भी रिहर्सल की जाएगी। इस दौरान यातायात को बाधित नहीं किया जाएगा।
यह होगा रूट
-पठानकोट से पालमपुर : नूरपुर-चंबी-चड़ी-घरोह-धर्मशाला होकर पालमपुर और पालमपुर से पठानकोट के लिए भी यही रूट रहेगा।
-नूरपुर से कांगड़ा : 32 मील वाया लंज होकर कांगड़ा पहुंचेंगे और कांगड़ा से नूरपुर के लिए भी यही रूट।
-पालमपुर से धर्मशाला आने वाले वाहन मलां और चामुंडा होते हुए अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचेंगे।
-पालमपुर से कांगड़ा या होशियारपुर जाने वाले वाहनों को समलोटी वाया बाबा बड़ोह सड़क से भेजा जाएगा।