सीएम जयराम से मिले 'द ग्रेट खली', हिमाचल में होगा मेगा रेसलिंग शो का आयोजन
खली ने बताया कि वे पिछली सरकार को इस बारे अपना प्रस्ताव भेजा था, लेकिन इस पर कोई गौर नहीं किया गया।
धर्मशाला, जेएनएन। मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर से आज धर्मशाला में विश्व कुश्ती मनोरंजन (डब्ल्यू डब्ल्यू ई) के विश्व विख्यात हेवीवेट पेशेवर कुश्ती चैम्पियन 'द ग्रेट खली' के नाम से मशहूर दलीप सिंह राणा ने मुलाकात की। कुश्ती चैम्पियन खली ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को हिमाचल प्रदेश में हेवीवेट रेसलिंग चैम्पियनशिप आयोजित करने की योजना के बारे में जानकारी दी। खली ने बताया कि वे पिछली सरकार को इस बारे अपना प्रस्ताव भेजा था, लेकिन इस पर कोई गौर नहीं किया गया।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के धीरैना गांव से सम्बन्ध रखने वाले दलीप सिंह पेशेवर कुश्ती प्रतियोगिता में अंडरटेकर को परास्त कर मशहूर हुए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में रेसलिंग चैम्पियनशिप के आयोजन से न केवल राज्य का नाम रोशन होगा, बल्कि इस प्रतियोगिता से एकत्र धन का अधिकतम हिस्सा मुख्यमंत्री राहत कोष में भी दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में मेगा कुश्ती प्रदर्शन, जहां प्रसिद्ध रेसलर भाग लेंगे, के प्रस्ताव को अपनी मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने की इच्छुक है, लेकिन यह चिन्ताजनक है कि पिछली कांग्रेस सरकार ने खेलों को गम्भीरता से नहीं लिया और न ही इस प्रकार के प्रस्तावों पर कोई कदम उठाए। मुख्यमंत्री ने खेल मंत्री श्री गोविन्द ठाकुर को राज्य में रेसलिंग चैम्पियनशिप के आयोजन करने के लिए आगे बढऩे को कहा। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।