मंत्रियों के खिलाफ जांच बंद करवाकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही सरकार : सुधीर शर्मा
कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने प्रदेश की जय राम सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।
जेएनएन, धर्मशाला। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा मंत्रियों के खिलाफ चल रहे भ्रष्टाचार के मामलों को बंद करने पर ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की सीबीआई जांच होनी चाहिए। कानून में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि पहले अपराध करो और फिर उसकी भूल सुधार कर कोई कानून से बच जाए। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में जयराम सरकार ने अपने ही एक मंत्री के खिलाफ चल रही विजिलेंस की जांच बंद कर दी है और अब इस मामले में क्लोजर रिपोर्ट लगा दी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में धूमल सरकार के समय तत्कालीन शहरी विकास मंत्री के खिलाफ प्लॉट आवंटन में धांधली के आरोप लगे थे। उन पर अपनी पत्नी सहित चेहतो को प्लाट आबंटन करने के आरोप थे। वर्ष 2013 में विजिलेंस ब्यूरो ने इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया था। लेकिन अब सरकार इस जांच को बंद करवा रही है। यहां जारी बयान में सुधीर शर्मा ने कहा कि यह गंभीर मामला है तथा इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। लेकिन सरकार जांच की बजाए ऐसे मामलों को ही बंद करके भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई अपराध कर रहा है और मामला सामने आने पर उसमें माफी या उसमें भूल सुधार की बात कह दे, तो उस पर चल रही जांच या कार्रवाई को नहीं रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश में अगर कहीं भी किसी मंत्री के खिलाफ कोई मामला सामने आए तो उसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए।