विशेष जांच समिति गठित करे सरकार : शांता कुमार
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा है कि हिमाचल के इतिहास में पहली बार एक असाधारण घटना घटी है। स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार का मामला एक अधिकारी की गिरफ्तारी-उसके तुरंत बाद केंद्रीय नेताओं का
जागरण संवाददाता, पालमपुर : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा है कि हिमाचल के इतिहास में पहली बार असाधारण घटना घटी है। स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार का मामला, एक अधिकारी की गिरफ्तारी, उसके तुरंत बाद केंद्रीय नेताओं का संज्ञान लेना, फिर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का त्यागपत्र और एकदम से त्यागपत्र स्वीकार करना। एक बहुत बड़ी असाधारण ऐतिहासिक घटना है।
उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को बधाई दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आग्रह किया है कि शीघ्र ईमानदार अधिकारियों की विशेष जांच समिति का गठन करें और निदेशक के साथ बराबर अपराधी को तुरंत गिरफ्तार करें। जांच समिति में ऐसे सुविख्यात योग्य अधिकारी हों कि जनता आश्वस्त हो जाए। बकौल शांता, यदि यह सब नहीं हुआ तो यह कहा जाएगा कि क्लीन चिट लेने के लिए केवल नाटक किया है। प्रदेश सरकार व पार्टी की बहुत बड़ी परीक्षा है। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि 72 वर्ष की आजादी के बाद भी देश किस भयंकर गरीबी से गुजर रहा है इसका एक दृश्य सड़कों व स्टेशन के बाहर भूखे हताश-निराश हजारों बाहरी राज्यों के मजदूरों के रूप में दिखाई दे रहा है। लोगों को यह पता लग गया है कि गरीबी का सबसे बड़ा कारण भ्रष्टाचार है और भ्रष्टाचार ऊपर के नेताओं से शुरू होता है। कठोर सच्चाई यह है कि नेताओं पर से जनता का भरोसा समाप्त हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस विश्वास को फिर से बनाने का ऐतिहासिक काम कर रहे हैं। ऐसे समय पर हिमाचल में यह कार्रवाई प्रशंसनीय है। इस कार्रवाई का लाभ तभी होगा यदि इसे एक उचित और तार्किक परिणीति पर पहुंचाया जाए। यदि वैसा नहीं हुआ तो जनता का विश्वास बहाल नहीं होगा और इस दृष्टि से अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार पर है।