खाद्य आपूर्ति विभाग की दबिश, जब्त किए 12 सिलेंडर, पॉलीथीन पर हजारों का जुर्माना
कांगड़ा व फतेहपुर उपमंडलों में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने दबिश देकर पाॅलीथीन प्रयोग कर रहे दुकानदारों को जुर्माना किया है। इसके अलावा भी कार्रवाई की कई है।
जेएनएन, धर्मशाला। कांगड़ा जिला में व्यावसायिक कार्यों के लिए घरेलू गैस सिलेंडर का प्रयोग करने वाले लोगों के खिलाफ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने मुहिम छेड़ रखी है। इस कड़ी में विभाग के दल ने कांगड़ा तथा फतेहपुर उपमंडलों में होटल, ढाबों, सब्जी विक्रेताओं और करियाना की दुकानों पर जाकर जांच की। जिला खाद्य आूपर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान के नेतृत्व में कार्रवाई करने वाली इस टीम में खाद्य निरीक्षक महेन्द्र सिंह धीमान, सुरेश ठाकुर, विनय कुमार तथा फतेहपुर के सुरेन्द्र सिंह भी शामिल थे।
नरेंद्र धीमान के बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि कई ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों का धड़ाधड़ प्रयोग किया जा रहा था। टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर इन जगहों पर 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान दुकानदारों द्वारा प्रतिबंधित पॉलिथीन के प्रयोग पर 10 चालान काटकर उन्हें 62500 रुपये का जुर्माना किया गया। सब्जी मंडी कांगड़ा में 22 क्िवंटल 43 किलो सब्जी तथा फल जब्त किए।