सभाओं में घोषित नहीं होते उम्मीदवार : रजनी पाटिल
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र ¨सह ने हमीरपुर में जो अभिषेक राणा को लोकसभा प्रत्याशी बनाने के लिए जो बयान दिया है उससे हम सहमत नहीं है।
जागरण संवाददाता, पालमपुर : पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र ¨सह ने हमीरपुर में अभिषेक राणा को लोकसभा प्रत्याशी बनाने के बारे में जो बात कही है उससे पार्टी सहमत नहीं है। कांग्रेस की अपनी प्रक्रिया है और वीरभद्र भी उसके बारे में जानते हैं। ऐसे में सभा में बोलकर उम्मीदवार घोषित नहीं होते। पार्टी में उम्मीदवार को कांग्रेस चुनाव कमेटी (सीईसी) तय करती है। यह बात पालमपुर में शनिवार को कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने आई प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवार घोषित करने का अधिकार किसी एक को नहीं है। हां, जो नेता बोलेंगे उसकी जानकारी सीईसी को दी जाएगी। इस तरह खुले में किसी भी नेता को बयानबाजी नहीं करनी चाहिए, चाहे वह कितना ही बड़ा क्यों न हो। खासकर खुले मंच से, क्योंकि इससे लोग अपनी राय बना लेते हैं। उन्होंने तीन लोकसभा क्षेत्रों में बैठकें कर ली हैं। चौथा क्षेत्र कांगड़ा है, जहां अब पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेनी है। उनकी राय को हाईकमान को बताया जाएगा। पार्टी उम्मीदवार घोषित करने से पहले जातिगत समीकरणों का भी ध्यान रखा जाएगा, ताकि हर समुदाय से जुड़े व्यक्ति तक कांग्रेस की पहुंच हो सके।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के खिलाफ राफेल का मुद्दा उठाया है। हिमाचल में भी लोगों के केंद्र के फैलाए जा रहे भ्रष्टाचार के बारे में जागरूक किया जाएगा। हर व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये आने की अपनी घोषणा को अब भाजपा नेता जुमला करार दे रहे हैं। तीन राज्यों में कांग्रेस को मिली जीत से साफ है कि जनता में अब पार्टी के प्रति विश्वास है। इस मौके पर उनके साथ प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर ¨सह सुक्खू, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, विधायक आशीष बुटेल, पवन काजल सहित अन्य मौजूद थे।
सभी एकजुट, एक साथ करेंगे प्रचार
कांगड़ा के नेताओं में चल रही गुटबाजी के सवाल पर पाटिल ने कहा कि सभी नेता एकजुट हैं और मिलकर काम करेंगे। बूथ से लेकर राज्यस्तर पर एक साथ एक गाड़ी में घूमेंगे। सबका लक्ष्य प्रदेश की चारों सीटों पर जीत दर्ज करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की अपने-अपने नेताओं के लिए की गई नारेबाजी को उनका उत्साह करार दिया।