पौंग झील में शिकारियों पर नजर रखेंगी 15 टीमें
संवाद सूत्र, नगरोटा सूरियां : पौंग झील में प्रवासी परिंदों के शिकार करने वालों पर नजर रख
संवाद सूत्र, नगरोटा सूरियां : पौंग झील में प्रवासी परिंदों के शिकार करने वालों पर नजर रखने के लिए झील क्षेत्र में 15 सुरक्षा टीमें गठित की गई हैं। प्रवासी परिंदों की आगमन संख्या का अनुमान लगाने के लिए वन्य प्राणी विभाग 14 नवंबर को साप्ताहिक पक्षी गणना करेगा। वन्य प्राणी विभाग नगरोटा सूरियां के परिक्षेत्र अधिकारी दलीप सिंह धीमान ने बताया कि पिछले सप्ताह की गई पक्षी गणना में पौंग झील में 13 प्रजातियों के करीब 15 हजार प्रवासी पक्षी दस्तक दे चुके हैं। इन प्रवासी पक्षियों में कारमोनेन्ट, बार हंडेडगीज व ग्रे लेग गीज प्रजाति के प्रवासी पक्षी सबसे ज्यादा संख्या में पहुंचे हैं। जबकि कामन कूट, नॉदर्न शावलर, नॉदर्न पिंटेल, कामन पॉचर्ड, टफटेड डक, रेडी शल डक, ब्लैक हेडेड गल, पालास गल व कॉमन टिल प्रजाति के पक्षी अभी कम संख्या में ही पहुंचे हैं। सर्दिया बढ़ने के साथ ही इनकी संख्या में भी बढ़ोतरी होने की विभाग संभावना जता रहा है। जिन प्रवासी पक्षियों को पिछले साल छल्ले पहनाए गए थे वे पक्षी भी काफी संख्या में फिर झील में देखे गए हैं। प्रवासी पक्षियों का आगमन लगातार बढ़ता जा रहा है और कितनी प्रजातियों के कितने पक्षी झील में पहुंचे हैं इसका पता साप्ताहिक गणना के बाद ही पता चलेगा।