भवारना अस्पताल में शराबियों का हुड़दंग
शुक्रवार मध्य रात्रि लगभग पौने बारह बजे कथित रूप से शराब के नशे में धुत दो स्थानीय व्यक्तियों ने नागरिक चिकित्सालय भवारना में
संवाद सहयोगी, भवारना : सिविल अस्पताल भवारना में शुक्रवार रात करीब पौने बारह बजे शराब के नशे में धुत दो लोगों ने खूब हुड़दंग मचाया। इस दौरान आरोपितों ने स्टाफ नर्स के कमरे में घुसकर बदतमीजी की। बाद में लेबर रूम और ऑपरेशन थियेटर में चेकिंग के नाम पर घुसने का प्रयास किया। ड्यूटी पर तैनात एक चिकित्सक जब अपने रूम से बाहर आया तो आरोपित उससे भी उलझ पड़े और धक्कामुक्की की। हंगामा करने के बाद दोनों आरोपितों में से एक व्यक्ति को नीचे गिरने से सिर में चोटें आई हैं। इस दौरान चिकित्सक समेत अन्य स्टाफ ने आपातकालीन सेवाओं के लिए गेट बंद कर दिया। इस दौरान आरोपित पंचायत प्रधान के घर में जा पहुंचे और बताया कि अस्पताल में कोई भी गेट नहीं खोल रहा है। इसके बाद पंचायत प्रधान ने अस्पताल पहुंच कर गेट खोला। उसी समय भवारना थाना से पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गए थे। इसके बाद घायल व्यक्ति का प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस के समक्ष आरोपितों ने अपनी गलती मान ली है। शनिवार सुबह इस घटना के विरोध में डॉक्टरों ने सवा दो घंटे तक पेन डाउन हड़ताल की और इस कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। खंड चिकित्सा अधिकारी भवारना डॉ. सुभाष शर्मा के आने व इस संदर्भ में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा मिलने के बाद ही चिकित्सकों ने हड़ताल खत्म की। उधर पुलिस ने स्टाफ नर्स व चिकित्सक के साथ हुई अभद्रता व धक्कामुक्की पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी योगिदर सिंह ने की है। भवारना अस्पताल में चिकित्सक से दुर्व्यवहार की सूचना मिली थी और इसके बाद मामला पुलिस को सौंपा है। हड़ताल पर गए चिकित्सक भी सुचारू रूप से सेवाएं दे रहे हैं। आपातकालीन स्टाफ की सुरक्षा का मामला सरकार के पास विचाराधीन है।
- डॉ. गुरदर्शन सिंह गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, धर्मशाला