विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केंद्र में डिप्टी सेक्रेटरी बने कांगड़ा के DC हेमराज बैरवा, अब ऊर्जा मंत्रालय में देंगे सेवाएं; जल्द संभालना होगा पदभार

Published: Mon, 26 Oct 2026 10:39 PM (IST)Updated: Mon, 26 Oct 2026 10:59 PM (IST)

कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा को केंद्र सरकार में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। वह केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय में ...और पढ़ें

कांगड़ा के DC हेमराज बैरवा। फाइल फोटो

कांगड़ा के DC हेमराज बैरवा। फाइल फोटो

HighLights

  1. कांगड़ा डीसी हेमराज बैरवा केंद्र में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त।

  2. केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय में चार साल के लिए देंगे सेवाएं।

  3. तीन सप्ताह के भीतर संभालना होगा नया पदभार।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश कैडर के वर्ष 2013 बैच के आईएएस अधिकारी एवं कांगड़ा जिला के उपायुक्त (डीसी) हेमराज बैरवा को केंद्र सरकार में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। वह दिल्ली स्थित केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय में अपनी सेवाएं देंगे। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से सोमवार को उनकी नियुक्ति के संबंध में आदेश जारी किए गए हैं।

हेमराज बैरवा की नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग स्कीम के तहत की गई है। आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति पदभार संभालने की तारीख से चार वर्ष की अवधि के लिए होगी। हालांकि, केंद्र सरकार के आगामी आदेशों के अनुसार नियुक्ति की अवधि में बदलाव भी किया जा सकता है। इस नियुक्ति के बाद हेमराज बैरवा को कांगड़ा जिला के उपायुक्त पद का दायित्व छोड़कर केंद्र में नई जिम्मेदारी संभालनी होगी।

जल्द संभालना होगा पदभार

केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने नियुक्ति आदेश में स्पष्ट किया है कि हेमराज बैरवा को आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर नया पदभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित अवधि में कार्यभार संभालने में विफल रहने पर केंद्रीय स्टाफिंग स्कीम से संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

आदेश में यह भी कहा गया है कि उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करते हुए मौजूदा दायित्वों से तत्काल मुक्त किया जा सकता है, ताकि वह केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर सकें।

प्रदेश के सबसे बड़े जिले के डीसी हैं बैरवा

हेमराज बैरवा वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के उपायुक्त के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। जिला में प्रशासनिक कार्यों, विकास योजनाओं और विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उनके पास है। केंद्र सरकार में उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि, कांगड़ा के उपायुक्त पद से उनकी कार्यमुक्ति और जिला में नए उपायुक्त की नियुक्ति को लेकर स्थिति आगामी प्रशासनिक आदेशों के बाद स्पष्ट होगी। वहीं, हेमराज बैरवा ने बताया कि नए कार्यभार के लिए आदेश प्राप्त हुए हैं।