चुनावी रंग में जयराम, जनता से लिया जीत का वादा
बोले सीएम भाजपा सरकार दोबारा बनाने के लिए कांगड़ा दुर्ग का साथ होना जरूरी राजनीतिक प्र
बोले सीएम
भाजपा सरकार दोबारा बनाने के लिए कांगड़ा दुर्ग का साथ होना जरूरी
राजनीतिक प्रतिशोध नहीं, भाजपा ने विकास की संस्कृति बढ़ाई
जागरण संवाददाता, धर्मशाला : कांगड़ा दुर्ग की अहमियत को समझते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को चुनावी रंग में दिखे। नगरोटा बगवां में उन्होंने 231 करोड़ की विकास योजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास किए। इस दौरान जनसभा में उन्होंने लोगों से 2022 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा का साथ देने का वादा ले लिया। विपक्षी दल कांग्रेस की ओर कोरोना महामारी पर सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए जा रहे सवालों का मुख्यमंत्री ने बखूबी जवाब दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार के गठन में कांगड़ा दुर्ग का उनके साथ होना जरूरी है। उन्होंने नगरोटा बगवां की जनता से 2022 के चुनाव में भाजपा सरकार का साथ देने का वादा भी लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने कभी भी राजीतिक प्रतिशोध के साथ कार्य नहीं किया जबकि कांग्रेस सरकार की ऐसी परंपरा रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार पहाड़ की संस्कृति व विकास कार्यो को लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कोरोना महामारी पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में कोरोना को लेकर जो स्थिति खराब हुई थी उसे सरकार ने संभाला। विपक्ष इस मामले में भी उन पर ही सवाल उठाता रहा। जनता भी जानती है कि भाजपा सरकार के इन तीन वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश में विकास की दर कहां पर पहुंची है। कोरोना खत्म हो तो डालें नाटी, उठाएं धाम का आनंद
जयराम ने कहा कि अभी कोरोना संकट चला हुआ है। सरकार ने लोगों को अपना रोजगार चलाने सहित अन्य कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति प्रदान की है। बावजूद इसके लोग लापरवाह हो रहे हैं और कोरोना से निपटने के लिए जारी दिशानिर्देशों क अनदेखी कर रही हैं। हम सभी को एहतियात बरतने की जरूरत है। जब प्रदेश में कोरोना पूरी तरह से खत्म हो जाए तो लोग नाटी भी डालें और धाम का भी पूरा मजा लें।
करोड़ों के शिलान्यास व उद्घाटन किए
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नगरोटा बगवां हलके में 231 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए। इस दौरान उन्होंने हलके में नए विकास कार्यो की घोषणाएं भी की।