विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल शिक्षा बोर्ड ने TET का शेड्यूल किया जारी, देरी से आवेदन पर लगेगा 600 रुपये विलंब शुल्क

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 12 Sep 2026 11:58 AM (GMT+05:30)

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने नवंबर में होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) का शेड्यूल जारी कर दिया है। ...और पढ़ें

हिमाचल शिक्षा बोर्ड ने टेट का शेड्यूल जारी कर दिया है। सांकेतिक फोटो

हिमाचल शिक्षा बोर्ड ने टेट का शेड्यूल जारी कर दिया है। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने TET शेड्यूल जारी किया।

  2. बिना विलंब शुल्क आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 अक्टूबर।

  3. परीक्षाएं 22 नवंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने नवंबर में होने वाली अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) का शेड्यूल जारी कर दिया है। आनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 सितंबर से आरंभ हो गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक अभ्यर्थी तीन अक्टूबर (रात 11:59 बजे) तक बिना विलंब शुल्क पंजीकरण कर सकते हैं।

बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। चार से आठ अक्टूबर तक आवेदन करने वालों को 600 रुपये विलंब शुल्क चुकाना होगा। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 1,200 रुपये, जबकि ओबीसी, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 700 रुपये शुल्क चुकाना होगा।

त्रुटियां सुधार सकेंगे

फार्म भरते समय होने वाली त्रुटियों में सुधार का भी बोर्ड ने प्रावधान किया है। आनलाइन भरे गए विवरणों में नौ से 12 अक्टूबर तक आनलाइन ही सुधार किया जा सकेगा। बोर्ड ने एक कड़ा नियम भी बनाया है कि यदि कोई अभ्यर्थी अपनी श्रेणी या उपश्रेणी में बदलाव करना चाहता है तो उसे 15 अक्टूबर को व्यक्तिगत रूप से धर्मशाला स्थित बोर्ड कार्यालय में उपस्थित होकर आवेदन करना होगा। निर्धारित तिथियों के बाद किसी भी तरह के संशोधन पर विचार नहीं किया जाएगा।

ऑनलाइन मिलेंगे एडमिट कार्ड

डा. राजेश शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से चार दिन पहले एडमिट कार्ड ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। आवेदन से जुड़ी किसी भी तकनीकी समस्या या अतिरिक्त जानकारी के लिए अभ्यर्थी शिक्षा बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।

22 नवंबर से शुरू होंगी परीक्षाएं

बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार पात्रता परीक्षाएं 22 नवंबर से शुरू होकर छह दिसंबर तक चलेंगी। सभी परीक्षाएं ढाई घंटे की होंगी। परीक्षा दो सत्र में दिन में 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे और दोपहर 2:00 बजे से सायं 4:30 बजे होगी।

  • 22 नवंबर : सुबह के सत्र में टीजीटी आर्ट्स और सायं जेबीटी की परीक्षा होगी।
  • 29 नवंबर : सुबह के सत्र में टीजीटी नान मेडिकल तथा स्पेशल एजुकेटर (कक्षा 6 से 12) की परीक्षा होगी। सायं टीजीटी संस्कृत और स्पेशल एजुकेटर प्री-प्राइमरी से कक्षा पांच के अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 
  • 6 दिसंबर : सुबह के सत्र में टीजीटी मेडिकल, पंजाबी और उर्दू की परीक्षाएं होंगी। सायं टीजीटी हिंदी की परीक्षा होगी।


यह भी पढ़ें: 'हिमाचल सरकार कर्मचारियों के पेंडिंग DA और बकाया का भुगतान करे', हाई कोर्ट ने 6 सप्ताह का समय दिया