विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान-इजरायल युद्ध के बीच बहरीन से नादौन के रमन का फोन, बोले- सब ठीक; मिलाइल हमलों का आंखों देखा मंजर सुनाया

Published: Tue, 03 Mar 2026 01:51 AM (IST)

मध्य-पूर्व में तनाव के बीच बहरीन में रह रहे हिमाचलियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं हैं। नादौन के रमन शर्मा ...और पढ़ें

पिछले दिनों भारतीय दूतावास में एक समारोह के दौरान हिमाचल कम्यूनिटी ग्रुप के सदस्यों के साथ बाएं से दूसरे बहरीन में भारतीय राजदूत विनोद जैकब, उद्योगपति रमन शर्मा व अन्य। सौ. स्वयं

पिछले दिनों भारतीय दूतावास में एक समारोह के दौरान हिमाचल कम्यूनिटी ग्रुप के सदस्यों के साथ बाएं से दूसरे बहरीन में भारतीय राजदूत विनोद जैकब, उद्योगपति रमन शर्मा व अन्य। सौ. स्वयं

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

मनोज कुमार शर्मा, धर्मशाला। इजरायल-अमेरिका के हमले और ईरान की जवाबी कार्रवाई से मध्य-पूर्व के देशों में तनाव की स्थिति है। खाड़ी देशों में रह रहे लगभग 35 हजार हिमाचलियों के परिवारों का हर कोई सदस्य अपनों को लेकर चिंतित है। लेकिन बहरीन से राहत भरी सूचना है।

अरेबियन इंटरनेशनल कान्ट्रैक्टिंग कंपनी 'किंगडम ऑफ बहरीन' के कार्यकारी निदेशक रमन शर्मा वॉट्सएप कॉल पर आश्वस्त करते हैं कि यहां सब ठीक है। चिंता न करें। रमन कहते हैं कि ईरान अमेरिकी नौसेना के केंद्रीय कमान को टारगेट कर हमले कर रहा है। इन हमलों में किसी हिमाचली को नुकसान नहीं पहुंचा है।

शनिवार को साढ़े दस बजे गिरी मिसाइल

हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के सलोह निवासी एवं जाने-माने उद्योगपति रमन उनके कार्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर गिरी मिसाइल की घटना का जिक्र करते हैं, 'स्थानीय समय के अनुसार, शनिवार करीब साढ़े दस बजे एक मिसाइल गिरी। उस समय मैं ऑफिस में था। खिड़कियों में कंपन जरूर हुई पर नुकसान नहीं हुआ।

धमाके से घरों और दफ्तरों की खिड़कियां हिलीं

ईरान की ओर से लगातार बहरीन स्थित अमेरिकी नेवल एयरबेस पर मिसाइलें दागी जा रही हैं, जिनमें से अधिकतर को निष्क्रिय किया जा रहा है। एक मिसाइल अमेरिकी बेस पर गिरी, जिससे वहां काफी नुकसान पहुंचा है। इस मिसाइल के धमाके से घरों और दफ्तरों की खिड़कियां हिलीं। इसी बीच सायरन से लोगों को अलर्ट कर दिया गया। बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय है। अमेरिका की रणनीति के लिहाज से यह स्थान अहम है, इसी वजह से ईरान ने इसे निशाने पर रखा है।'

बहरीन में हिमाचल कम्यूनिटी ग्रुप के सदस्य रमन बताते हैं कि जिस तरह भारत में सोमवार सप्ताह का पहला कार्यदिवस माना जाता है, यहां शनिवार पहला दिन होता है। शनिवार, 28 फरवरी को हुई इस घटना के बाद से यहां बीच-बीच में सायरन के जरिये लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।

एक भारतीय की हुई मौत

रमन बताते हैं कि रविवार को एक ड्रोन को निष्क्रिय किए जाने के क्रम में उसके अवशेष शिप पर गिरे, जिससे एक भारतीय की मौत हुई है। स्थानीय सरकार के साथ ही भारतीय दूतावास भी अपने लोगों के संपर्क में है। यहां हिमाचल के 1700 से 2000 के बीच लोग रहते हैं।

वहीं, करीब साढ़े तीन लाख भारतीय बहरीन में काम करते हैं। इनमें सबसे अधिक केरल के लोग हैं। दिल्ली से भी कम क्षेत्रफल में बसे इस देश की जनसंख्या लगभग 17 लाख है। इनमें से करीब 46 प्रतिशत आबादी ही स्थानीय लोगों की है, जबकि अन्य सभी विदेशी ही हैं।

WhatsApp Image 2026-03-03 at 01.31.06

अरेबियन इंटरनेशनल कान्ट्रैक्टिंग कंपनी के कार्यकारी निदेशक रमन शर्मा। सौ.स्वयं

आपात स्थिति में सेवा के लिए हिमाचली तैयार

रमन बताते हैं कि हिमाचल कम्यूनिटी ग्रुप ने भारतीय राजदूत विनोद जैकब से यह आग्रह भी किया है कि कोई भी आपात स्थिति आए तो हिमाचलियों का समूह निपटने के लिए तैयार है। पिछले दिनों गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान भी हिमाचली लोगों ने ही इस आयोजन में मुख्य भूमिका निभाई थी। हिमाचल कम्यूनिटी ग्रुप अपने लोगों के हर सुख-दुख में साथ रहता है। हिमाचल की तरह भारत के अन्य राज्यों के भी इसी तरह कम्यूनिटी ग्रुप बने हैं।