विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: तिरंगे में लिपटी आई जवान की पार्थिव देह को पत्नी ने दिया कंधा; मासूम हाथों ने दी चिता को आग तो हर आंख हुई नम

By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 02 Sep 2026 02:46 PM (IST)Updated: Wed, 02 Sep 2026 03:01 PM (IST)

सीआईएसएफ जवान राहुल रंधावा का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके पैतृक ...और पढ़ें

सीआईएसएफ जवान राहुल की पार्थिव देह को कंधा दिए पत्नी और तिरंगा थामे मासूम हाथ। जागरण

सीआईएसएफ जवान राहुल की पार्थिव देह को कंधा दिए पत्नी और तिरंगा थामे मासूम हाथ। जागरण

HighLights

  1. सीआईएसएफ जवान राहुल रंधावा का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान निधन।

  2. पत्नी अंजना रंधावा ने साहस से पति की अर्थी को कंधा दिया।

  3. मासूम बेटों ने नम आंखों से पिता की चिता को मुखाग्नि दी।

संवाद सूत्र, बिलासपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के लंज क्षेत्र के डडोली पंचायत के गांव अंबी निवासी 36 वर्षीय सीआइएसएफ जवान राहुल रंधावा का सोमवार को दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से निधन हो गया। दोपहर करीब 1:30 बजे ड्यूटी के दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। जब तक उन्हें संभालने का प्रयास किया जाता, वह जिंदगी की जंग हार चुके थे।

पार्थिव देह पहुंचते ही पसरा मातम

जवान के निधन की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव अंबी पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को राहुल रंधावा का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। अंतिम दर्शनों के लिए लंज और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अंबी पहुंचे। हर कोई अपने जवान को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचा था।

पत्नी व बच्चे बेहाल

राहुल के निधन से पत्नी अंजना रंधावा और 9 व 5 साल के दो बेटे शिवाक्ष और रुद्राक्ष रो-रोकर बेहाल हैं। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन हो गया। 

पत्नी ने दिया अर्थी को कंधा

सबसे मार्मिक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब पत्नी अंजना रंधावा ने दुख की इस घड़ी में अदम्य साहस दिखाते हुए अपने पति की अर्थी को कंधा दिया। पति की अंतिम यात्रा में पत्नी को इस तरह साथ चलते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। 

मासूम हाथों ने पिता की चिता को मुखाग्नि

दोनों मासूम बेटों शिवाक्ष और रुद्राक्ष ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। नौ और पांच वर्ष की उम्र में दोनों बच्चों द्वारा पिता को अंतिम विदाई देने का दृश्य देखकर हर कोई भावुक हो उठा। 

डडोली मोक्षधाम में हिमाचल प्रदेश पुलिस की टुकड़ी ने राजकीय सम्मान के साथ राहुल रंधावा की पार्थिव देह को अंतिम सलामी दी। स्वजन, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने भी नम आंखों से अपने वीर जवान को अंतिम विदाई दी।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में पर्यावरणीय असंतुलन पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, शिमला ग्रीन बेल्ट व फोरलेन निर्माण पर मांगी ताजा रिपोर्ट