चार जिलों में बारिश-भूस्खलन ने रोकी रफ्तार, कई मकान हुए जमींदोज; 34 मवेशी जिंदा दफन
बारिश व भूस्खलन से कांगड़ा, शिमला, मंडी व चंबा जिलों में जनजीवन पर व्यापक असर, भारी नुकसान।
धर्मशाला, जेएनएन। बारिश व भूस्खलन ने कांगड़ा, मंडी, शिमला व चंबा जिलों में जनजीवन को खासा प्रभावित किया, जिससे जनजीवन पटरी से उतर गया है। कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल में भूस्खलन से दुकानें, गोशालाएं व मकान ध्वस्त हुए हैं। शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में सड़कों पर कीचड़ आने से रविवार को बार-बार यातायात बाधित होता रहा। मंडी में राजमार्ग बाधित रहे जबकि चंबा कुचुवाड़ी क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है।
कांगड़ा की नेरटी पंचायत के भैरू गांव में दो जगह भूस्खलन से सात गोशालाएं व मकान जमींदोज हुए। मलबे में 34 मवेशी जिंदा दफन हो गए। पांच घरों को भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इन घरों को खाली करवा लोगों को शिफ्ट कर दिया गया। चंबी में पहाड़ी दरकने से पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बनी खोखानुमा दो दुकानों को नुकसान हुआ है। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैगल के पास भूस्खलन से रातभर
आवाजाही बाधित रही। रविवार सुबह करीब छह बजे बंद मार्ग बहाल किया गया।
लोक निर्माण विभाग व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को कोटरोपी में फिर मायूसी हाथ लगी। रविवार को बंद मार्ग खोलने के प्रयास सिरे नहीं चढ़ पाए। भूस्खलन के कारण जालंधर-मंडी वाया धर्मपुर कोटली राष्ट्रीय राजमार्ग करीब नौ घंटे बाधित रहा। चंबा जिले के चुवाड़ी में शनिवार रात को हुई बारिश से पांच मार्ग बंद
हो गए व दो घर क्षतिग्रस्त हो गए। निगम की बसें फंसने से लोग परेशान हुए।
बड़ा भंगाल नहीं भेजा जा सका राशन
मौसम खराब होने से कांगड़ा जिले के बड़ा भंगाल क्षेत्र के लिए हेलीकॉप्टर की उड़ान नहीं हो पाई है। बैजनाथ के विधायक बड़ा भंगाल के लिए राशन लेकर तीन दिन से चंबा में डेरा जमाए हुए हैं। नहीं आए एयर इंडिया के विमान
गगल : खराब मौसम के चलते गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे में एयर इंडिया के सुबह व दोपहर को आने वाले विमान दिल्ली से गगल नहीं पहुंचे। एयरपोर्ट के निदेशक सोनम नुरबू ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का हेलीकॉप्टर भी चंबा के लिए उड़ान नहीं भर सका। उन्हें सड़क से ही चंबा जाना पड़ा।
आज व कल भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर सोमवार और मंगलवार को भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य में सक्रिय हुई पश्चिमी हवाएं प्रभावशाली है व नौ अगस्त तक सक्रिय रहेंगी।
मौसम के तेवर
-शाहपुर में नेरटी के भैरू गांव में मकान व सात गोशालाएं ढहीं, 34 मवेशी मलबे में दफन
-मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग मैगल के पास रातभर रहा बंद
- कोटरोपी में बंद मार्ग को खोलने के प्रयास सिरे नहीं चढ़ पाए, फिर मिट्टी धंसने लगी
-जालंधर-मंडी एनएच नौ घंटे बाधित, चट्टानें हटाते मलबे की चपेट में आने से बचे मजदूर
-चंबा जिले के चुवाड़ी में पांच मार्ग बंद, दो घर हुए क्षतिग्रस्