आरोप लगाने वाले पहले गिरेबान में झांकें : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ने कहा है कि बदलते हालातों में देश पहले से और अधिक मजबूत हुआ है और एक सशक्त नेतृत्व के दम पर प्रगति की ओर आगे भी बढ़ रहा है। लेकिन शायद यह कांग्रेस को नजर नहीं आ रहा है। देश ही नहीं बल्कि प्रदेश में हो विकास को लेकर बौखलाहट भी कांग्रेसजनों के चेहरों पर साफ है इसलिए वह क्षेत्रवाद विकास व इन्वेस्टर मीट पर अपने सवाल भी खड़े कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि बदलते हालातों में देश मजबूत हुआ है और विकास हो रहा है लेकिन शायद यह कांग्रेस को नजर नहीं आ रहा है। प्रदेश में हो रहे विकास से बौखलाहट कांग्रेस नेताओं के चेहरों पर दिख रही है और इस कारण ही वे क्षेत्रवाद, विकास व इन्वेस्टर मीट पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को धर्मशाला हलके के तहत भागसूनाग, कोतवाली बाजार के संगम पार्क व खनियारा के पटोला में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा पर बिना वजह आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेता पहले गिरेबान में झांक कर देखें कि उन्होंने देश व प्रदेश के लिए आज दिन तक क्या किया है। बकौल जयराम, देश से कांग्रेस का बीज खत्म हो चुका है। चुनाव हारने के बाद कांग्रेस नेता कहते हैं कि ईवीएम में गड़बड़ी थी और इससे पहले उनका राग आचार संहिता का उल्लंघन रहता है। दावा किया कि धर्मशाला व पच्छाद उपचुनाव में भाजपा हैट्रिक बनाएगी। ये दोनों सीटें पहले भी भाजपा के पास थीं और अब भी रहेंगी। सांसद किशन कपूर दिल्ली व विशाल नैहरिया शिमला से धर्मशाला के विकास को गति देंगे। इन्वेस्टर मीट के लिए सरकार ने धर्मशाला को चुना है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक वर्ष के भीतर दूसरी दफा धर्मशाला आएंगे। शिमला के बाद दूसरा राजनीतिक केंद्र बिंदु धर्मशाला है और भाजपा क्षेत्र की महत्ता को भलीभांति समझती है। इस मौके पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, सांसद किशन कपूर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन परमार, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, प्रदेश भाजपा महामंत्री कृपाल परमार, विधायक अरुण मेहरा, विधायक राजेश ठाकुर, विधायक मुल्खराज प्रेमी, विधायक होशियार सिंह, केसीसीबी के चेयरमैन राजीव भारद्वाज, प्रदेश भाजपा सहमीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, पूर्व विधायक दूलो राम, इंदू गोस्वामी व भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।