फेस शील्ड के साथ नजर आएंगे चालक-परिचालक
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते बंद पड़ी बसों के पहिये पहली जून से घूमेंगे।
राजेंद्र डोगरा, धर्मशाला
वैश्विक महामारी कोरोना की वजह से दो माह से ज्यादा समय से रुके हिमाचल पथ परिवहन निगम व निजी बसों के पहिये पहली जून से घूमेंगे। एचआरटीसी ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं चालक और परिचालक विशेष सुरक्षा कवच में नजर आएंगे। निगम की ओर से चालकों व परिचालकों को फेस शील्ड मुहैया होगी, वहीं उन्हें सैनिटाइजर के साथ ग्लव्ज भी दिए जाएंगे। बसों को भी निगम प्रबंधन सैनिटाइज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बसों में चालकों के लिए कैबिन बनाए जाएंगे।
प्रदेश में करीब 74वें दिन बाद बसें अपने-अपने रूटों पर दौड़ेंगी। कोरोना संक्रमण की वजह से 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के साथ ही प्रदेश में भी बसों के पहिये घूमने बंद हो गए थे। अब पहली जून से परिवहन विभाग ने 60 फीसद यात्रियों के साथ बसों को चलाने का फैसला लिया है। जिले में साढ़े सात सौ रूट, 671 बसें
जिला कांगड़ा में करीब साढ़े 700 रूट हैं। इनमें लोकल रूटों सहित अंतरराज्यीय रूट सभी शामिल हैं। जिले में देहरा डिपो को शामिल कर कुल 671 बसें हैं। हालांकि धर्मशाला मंडल की बात करें तो इसमें 569 बसें आती हैं। इसके अलावा निगम के मंडल कार्यालय के तहत करीब 1500 चालक व परिचालक हैं। निगम के डिपुओं में बसें
डिपो बसें
धर्मशाला 137
नगरोटा बगवां 89
पठानकोट 128
पालमपुर 109
बैजनाथ 105
देहरा 102 परिवहन विभाग करवाएगा बसों को सैनिटाइज
बसों को परिवहन विभाग सोडियम हाईपो क्लोराइड केमिकल से सैनिटाइज करवाएगा। इसके लिए विभाग ने अनुबंध पर स्टाफ रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग ने सभी बस स्टैंडों में सैनिटाइजर उपलब्ध करवा दिया है। परिवहन निगम हो या निजी बसें, सभी को बस स्टैंड पर ही विभाग सैनिटाइज करवाएगा। एक रूट पूरा करने के बाद बसें सैनिटाइज होंगी।
--------
परिवहन निगम ने बसें चलाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। चालकों व परिचालकों को फेस शील्ड सहित सैनिटाइजर, ग्लव्ज व मास्क की सुविधा दी जाएगी। चालक की सीट को पूर्णतया शील्ड किया जाएगा। सभी बस स्टैंडों में बसों को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है।
-पंकज चड्ढा, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी। -------
पहली जून से बसें चलेंगी और 60 फीसद ही यात्री इनमें सफर कर पाएंगे। बसें सुबह सात से शाम 7 बजे तक चलेंगी। बसों को रूट पर चलाने से पहले सैनिटाइज करना होगा।
-डॉ. विशाल शर्मा, आरटीओ कांगड़ा।