432 कमजोर बूथों को मजबूत करेगी भाजपा
विधानसभा चुनाव में भाजपा 432 बूथों पर पीछे रह गई है। इन बूथों पर पार्टी को 20 से 25 प्रतिशत तक वोट भी नहीं पड़े।
पालमपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपना होमवर्क पूरा कर लिया है। विधानसभा चुनाव में पार्टी किन बूथों पर हारी थी और अब उनको कैसे मजबूत करना है, इसकी रूपरेखा तैयार हो गई है। यह खुलासा पालमपुर में हुए उत्कृष्ट बूथ सम्मान समारोह में हुआ है। जानकारी के मुताबिक विधानसभा चुनाव में भाजपा 432 बूथों पर पीछे रह गई है। इन बूथों पर पार्टी को 20 से 25 प्रतिशत तक वोट भी नहीं पड़े।
अब इन बूथों को मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू होगी। भाजपा ने प्रदेश भर में अपने बूथ पालकों के आधार पर एक रिपोर्ट तैयार की है, जिसमें यह देखा गया कि किस बूथ में कितना प्रतिशत मतदान पार्टी के पक्ष में हुआ है। इसी की तर्ज पर ए, बी, सी व डी में वर्गीकरण हुआ है।
उसी आधार पर बेहतर काम करने वाले को सम्मान दिया गया, लेकिन ऐसे लगभग 432 बूथ इस रिकॉर्ड में सामने आए, जिन पर भाजपा को 20 या 25 प्रतिशत से कम मतदान पड़े थे। इसके कारण जानने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को बाकायदा प्रपत्र दिया गया है, जिसमें इसके पिछडऩे के लिए कारण बताने होंगे।
उसी आधार पर इन बूथों को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों को भी उक्त बूथों पर जाकर एक-एक बैठक करने को कहा गया है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर किसी तरह का कोई रिस्क न लेने का मन बनाया है।
इसी कड़ी में पूरी योजना के तहत कमजोर बूथों पर काम किया जा रहा है। यही नहीं जो बूथ कमजोर हैं, अगर वहां से बेहतर मतदान लोकसभा चुनाव में होता है तो पार्टी ऐसे कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान भी देगी। संगठन मंत्री पवन राणा ने साफ कहा कि कार्यकर्ता विस चुनाव की जीत के जश्न की खुमारी को उतार कर अब सीधे अपनी कमजोरियों को दूर करने पर काम करें। सरकार जिन कामों को अमलीजामा पहना रही है, उन्हें गरीब तबके तक पहुंचाएं।
जांच पर मिलेगा कार्यकर्ताओं को स्थान
संगठन में बेहतर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को अब किसी भी कार्यक्रम में मंच पर भी स्थान दिया जाएगा। इससे एक विशेष पंक्ति जो हर बार मुख्यमंत्री या अन्य नेताओं के कार्यक्रमों में होती है, उसके अलावा कार्यकर्ताओं को मंच पर विचार रखने का मौका मिल सकेगा।
जिन बूथों में पार्टी के पक्ष में कम मतदान हुआ है, उन क्षेत्रों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही जहां पर 90 प्रतिशत पार्टी के पक्ष में मतदान हुआ है, वहां पर 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अगर कहीं दिग्गजों के बूथों पर पार्टी पिछड़ी है तो वहां मत प्रतिशत बढ़ाया जाएगा।
सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेशाध्यक्ष भाजपा।
पालमपुर में नहीं कोई ए ग्रेड
संगठन जिला पालमपुर में बेशक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था, लेकिन पालमपुर से ही ए ग्रेड का बूथ नहीं निकल पाया है। हालांकि मत प्रतिशतता में पहले के मुकाबले बढ़ोतरी होने पर कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया गया है। जिन बूथों पर पार्टी यहां पिछड़ी है उनका विश्लेषण करने के आदेश भी संगठन की ओर से पदाधिकारियों को जारी हो गए हैं।