ट्रक से 71 ग्राम अफीम बरामद, दो गिरफ्तार
पुलिस ने अफीम के बदले लिए गए दस हजार की राशि भी खुड्डू राम से बरामद की है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी कुलवंता सिंह ने की है।
भवारना, जेएनएन। पुलिस थाना भवारना के तहत क्षेत्र अरला में पुलिस ने एक ट्रक से 71 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने इस संदर्भ में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर ट्रक को भी कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक इस संदर्भ में गुप्त सूचना मिली थी जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अरला रेलवे फाटक के पास खड़े ट्रक नंबर एचपी 68-3914 की जब तलाशी ली तो ट्रक के डैश बोर्ड से पुलिस को 71 ग्राम अफीम बरामद की।
पुलिस ने ट्रक चालक संजय कुमार (50) निवासी भाटी (भवारना) को इस संदर्भ में गिरफ्तार किया है। वहीं चालक के साथ व्यक्ति खुड्डू राम (40) निवासी धार तहसील पद्धर (मंडी) को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अफीम के बदले लिए गए दस हजार की राशि भी खुड्डू राम से बरामद की है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी कुलवंता सिंह ने की है।
कांगड़ा निवासी दो युवकों से चरस बरामद
जिला पुलिस ने ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर पड़ते गांव रामपुर में कार सवार दो युवकों से 97. 32 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपितों की पहचान राकेश कुमार, निवासी गांव टिक्कर, रक्कड़, जिला कांगड़ा व मुकेश कुमार निवासी अंदौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई। इन्हें गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी अशोक वर्मा ने की है।
जानकारी के अनुसार ऊना पुलिस ने रामपुर गांव के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस ने एक कार को जांच के लिए रोका। कार में दो युवक सवार थे। पुलिस ने कार की गहनता से तलाशी ली तो चरस बरामद हुई। पुलिस दोनों आरोपितों को थाने ले आई। यहां पर आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।