रमणीय डलहौजी संस्था लगाएगी एक हजार पौधे
समाजसेवी संस्था रमणीय डलहौजी वेलफेयर सोसायटी की ओर से इस वर्ष भी पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
संवाद सहयोगी, डलहौजी : समाजसेवी संस्था रमणीय डलहौजी वेलफेयर सोसायटी की ओर से इस वर्ष भी पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। संस्था की अध्यक्ष रेणुका चौधरी ने बताया कि इस वर्ष संस्था ने अपने तीसरे वार्षिक पौधारोपण कार्यक्रम के तहत नींबू के छह सौ पौधे व देवदार के चार सौ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण पौधारोपण कार्यक्रम एक दिन की बजाय शारीरिक दूरी के नियम व कोरोना से बचाव हेतु अन्य सुरक्षा उपायों की अनुपालना सुनिश्चित करते हुए चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा। इसके तहत रोजाना डलहौजी के अलग-अलग स्थानों पर पौधे लगाए जाएंगे।
रेणुका चौधरी ने कहा कि डलहौजी निवासी कोई भी व्यक्ति यदि अपने घर के आंगन में भी नींबू के पौधे लगाना चाहता है तो वह संस्था से संपर्क कर सकता है। संस्था की ओर से संबंधित व्यक्ति को निशुल्क नींबू के पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से महज पौधारोपण करना ही अहम नहीं है, बल्कि अहम यह है कि पौधा लगाने वाले लोग पौधों की देखभाल व संरक्षण के लिए भी गंभीर हों। उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान में संस्था के सभी सदस्य अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे, जबकि अन्य लोग भी संस्था द्वारा आयोजित किए जा रहे पौधारोपण कार्यक्रम में अपना सहयोग दे सकते हैं।