अब पहले से भी अधिक खूबसूरत दिखेगा मिनी स्विट्जरलैंड, जानें प्रशासन की नई योजना
हिमाचल का मिनी स्विट्जरलैंड कहलाने वाला खजियार अब पहले से भी अधिक खूबसूरत बनाया जाएगा प्रशासन ने यहां वर्टिकल गार्डन बनाने की योजना बनाई है।
चंबा, जेएनएन। प्लास्टिक के खात्मे के लिए अब प्रयास तेज हो गए हैं। चंबा के खजियार की सुंदरता को निखारने और संवारने के लिए प्रशासन की और से पहल कर दी गई है। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विश्वविख्यात पर्यटन स्थल खजियार को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए प्रशासन ने कदमताल आरंभ कर दिया है। प्रशासन ने खजियार में वर्टिकल गार्डन तैयार करने का निर्णय लिया है। प्लास्टिक का सही निष्पादन, करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा उपाय किए जा रहे हैं। इसके तहत जिला में वर्टिकल गार्डन स्थापित करने की योजना तैयार की गई है, जिसके तहत खजियार में उक्त गार्डन तैयार किया जा रहा है।
इसमें प्लास्टिक की बोतलों का प्रयोग किया जाएगा। यह संरचना न केवल प्लास्टिक का सही निष्पादन करने में सहायक होगी, बल्कि क्षेत्र की आभा बढ़ाने में भी मदद करेगी। वर्टिकल गार्डन में प्लास्टिक की बोतलों में पुष्प व अन्य आकर्षक पौधे लगाए जाएंगे।
उपायुक्त चंबा विवेक भाटिया ने यह निर्देश सोमवार को विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित साप्ताहिक बैठक के दौरान दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग व एनएच अधिकारियों को जिला में विभिन्न सड़कों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में यह साइन बोर्ड उन सड़कों पर लगाए जाएं, जहां बाहर से आने वाले पर्यटकों की आवाजाही बहुत अधिक रहती है। उपायुक्त ने कहा कि जिला में बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालक कई बार सड़क पर भौगोलिक स्थिति का आकलन नहीं कर पाते हैं, इससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है। गति सीमा का पालन करने के लिए वाहन चालकों को साइनबोर्ड के माध्यम से जानकारी देकर सड़क दुर्घटनओं को टाला जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग व हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा भी दुर्घटना संभावित कुछ क्षेत्रों की पहचान की गई है।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल, एसडीएम शिवम प्रताप सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में चौगान के सौंदर्यकरण, बाजार क्षेत्र में अवैध पार्किंग, कूड़ा-कर्कट का सही निष्पादन मातृ शिशु बैठक, बच्चों का पोषण, स्पोट्र्स काम्पलेक्स बनाने, पार्किंग व छात्रों के लर्निंग लेवल बढ़ाने आदि विषयों पर चर्चा की गई।