रोहतांग सहित पहाड़ियों में हिमपात
पर्यटन नगर मनाली की वादियों में हिमपात का दौर जारी है।
जसवंत ठाकुर, मनाली
पर्यटन नगर मनाली की वादियों में हिमपात का दौर जारी है। बुधवार को रोहतांग सहित पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई। ताजा बर्फबारी से मनाली की वादियां निखर उठी हैं। वहीं, लगातार खराब चल रहा मौसम अब लोगों के लिए दिक्कत बनने लगा है। मनाली में हालांकि हालात ठीक हैं, लेकिन लाहुल-स्पीति में दिक्कत बढ़ गई है। 14 व 15 फरवरी को मौसम विभाग द्वारा हाई अलर्ट जारी करने से लाहुल के लोग दहशत में आ गए हैं।
जिला कुल्लू प्रशासन ने मौसम को देखते हुए 17 फरवरी तक स्कूलों में छुट्टियां कर दी हैं। अब यहां पर बर्फबारी आफत बनने लगी है। लाहुल की समस्त घाटी की सड़कें बंद हो गई हैं। लाहुल घाटी में इस बार बर्फ अधिक गिरी है जिस कारण हिमखंड गिरने की घटनाएं भी बढ़ी हैं। लोग घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं। जगह-जगह गिर रहे हिमखंडों ने चंद्रभागा नदी का बहाव भी रोका है।
एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि 14 व 15 फरवरी को अधिक बर्फबारी की आशंका को देखते हुए सभी स्कूलों को 17 तक छुट्टियां दे दी गई हैं। उन्होंने सैलानियों से भी आग्रह किया है कि वे बर्फबारी को देखते हुए पर्यटन स्थलों में न जाए।
रोहतांग दर्रे सहित मकरबेद शिकरबेद, हनुमान टीबा, इंद्र किला, हामटा, रानी सुई, भृगु लेक, दशोहर झील, चन्द्रखनी, फोजल जोत, नगर की ऊंची पहाड़ियों, पांडु रोपा सहित रोहतांग के उस पार बारालाचा दर्रे सहित ¨शकुला, दारचा की पहाड़ियों पर भी काफी बर्फबारी हुई है। मनाली के पर्यटन स्थल राहनीनाला, मढ़ी, ब्यासनाला, राहलाफाल में भी भारी बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रा में लगे बर्फ के ढेर
रोहतांग दर्रा दिसबर महीने से सैलानियों सहित राहगीरों के लिए बंद हो गया है। सैलानी अब रोहतांग दर्रे के दीदार अगले साल ही कर सकेंगे। इस साल हो रही बर्फबारी से रोहतांग में बर्फ के ढेर लग गए हैं। ऐसे में रोहतांग में सैलानी गर्मियों में लंबे समय तक आनंद ले सकेंगे। लाहुल-स्पीति प्रशासन 15 मार्च से रोहतांग व मढ़ी में बचाव दल को तैनात करेगा। बीआरओ भी एक मार्च से रोहतांग दर्रे की बहाली का कार्य शुरू करेगा। पलचान व सोलंग में सैलानियों ने की मस्ती
बुधवार को बादलों के बीच सैलानियों ने पलचान और सोलंग का रुख कर लिया। बर्फ से ढके मनाली के सभी पर्यटन स्थल सैलानियों से चहक उठे हैं। सैलानी यहां बर्फ के बीच खूब मस्ती कर रहे हैं।