भरमौर में बर्फबारी से 72 लाख के सेब पौधे तहस-नहस
seventy lakhs rupees tree damage, उपमंडल भरमौर में बर्फबारी के कारण बागवानों को काफी नुकसान हुआ है।
जेएनएन, भरमौर। उपमंडल भरमौर में बर्फबारी के बाद भी हालात सामान्य नहीं हो पाए हैं। यहां पर बर्फबारी से बागवानों को फलदार पौधों का काफी नुकसान हुआ है। लेकिन बर्फबारी के कारण वे नुकसान का सही आकलन नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि कुछ बागवानों ने सेब के पौधों को हुए नुकसान की जानकारी उद्यान विभाग को दी है। जबकि उद्यान विभाग के स्वयं के बगीचों को भी लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
बर्फबारी से 150 बागवानों के 30 हेक्टेयर बगीचों में 4680 सेब के पौधे टूट गए हैं, जिसमें 1170 पौधे पूरी तरह टूट गए हैं। जबकि 3510 पौधों को कम नुकसान हुआ है, जिनका औसत नुकसान आकलन 70 लाख 20 हजार रुपये आंका गया है। उद्यान विभाग के उलांसा स्थित बगीचे में 20 पौधे पूरी तरह टूट गए हैं, जबकि 30 पौधे आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। विभाग की कुठेड़ पंचायत स्थित डेढ़ लाख की लागत का सेब की ग्रे¨डग व पै¨कग शेड भी टूट गया है।
इस बार भरमौर में काफी अधिक हिमपात हुआ है, जिस कारण यहां पर लोगों को हिमपात के कारण काफी नुकसान उठाना पड़ा है। विभागीय विषयवस्तु विशेषज्ञ डॉ. एसएस चंदेल ने बताया कि भरमौर क्षेत्र में सेब के पेड़ों को बर्फबारी के कारण काफी नुकसान हुआ है। अभी बहुत से बागवान जिला कांगड़ा व अन्य स्थानों पर हैं, जिस कारण बगीचों में हुए नुकसान का आंकड़ा नहीं पहुंचा है। विभागीय जानकारी के अनुसार 72 लाख 60 हजार रुपये का नुकसान हिमपात के कारण अब तक हो चुका है।