मणिमहेश यात्रा में खुला किस्मत का ताला! 100 रुपये के टिकट पर मिली फ्री हवाई यात्रा, शशि कपूर बने लक्की ड्रॉ के विजेता
श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान रेडक्रॉस लक्की ड्रॉ के पहले सप्ताह के परिणाम घोषित हो गए हैं। भरमौर के शशि ...और पढ़ें

रेडक्रॉस लक्की ड्रॉ में भरमौर के शशि कपूर बने पहले विजेता।
HighLights
रेडक्रॉस लक्की ड्रॉ का पहला परिणाम घोषित
भरमौर के शशि कपूर ने जीता हेली टैक्सी यात्रा
जनसेवा हेतु धन जुटाने का मुख्य उद्देश्य
संवाद सहयोगी, भरमौर। श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान जनसेवा और मानवीय कार्यों के लिए सहयोग जुटाने के उद्देश्य से आयोजित रेडक्रास लक्की ड्रॉ के पहले सप्ताह के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।
पहले सप्ताह में टिकट नंबर 408 के धारक शशि कपूर पुत्र कुल प्रकाश निवासी गांव व डाकघर सियूर, तहसील भरमौर भाग्यशाली विजेता बने हैं। विजेता को भरमौर से गौरीकुंड तक हेली टैक्सी के माध्यम से निश्शुल्क हवाई यात्रा का अवसर मिलेगा।
एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह ने बताया कि 25 अगस्त से 19 सितंबर तक चलने वाली श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान हर सप्ताह रेडक्रास लक्की ड्रॉ निकाला जाएगा। प्रत्येक सप्ताह चयनित विजेता को भरमौर से गौरीकुंड तक हेली टैक्सी से यात्रा करवाई जाएगी। लक्की ड्रॉ टिकट का मूल्य मात्र 100 रुपये है।
इच्छुक श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपमंडल अधिकारी कार्यालय भरमौर तथा तहसील कार्यालय होली से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। एसडीएम ने बताया कि इस लक्की ड्रॉ का मुख्य उद्देश्य रेडक्रास सोसायटी के माध्यम से असहायों की मदद और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों के लिए सहयोग राशि एकत्रित करना है।
