हर बूथ पर बनाए जाएंगे 15 किसान प्रहरी
भाजपा संगठन प्रदेश में मिशन 2020 के तहत भाजपा सरकार को प्रदेश मे
संवाद सहयोगी, डलहौजी : भाजपा संगठन प्रदेश में मिशन 2020 के तहत भाजपा सरकार को प्रदेश में रिपीट करने का लक्ष्य लेकर कार्य कर रहा है। इसमें किसान मोर्चा अग्रणी भूमिका निभाएगा। किसान मोर्चा प्रदेशभर में हर बूथ पर 15 किसान प्रहरी बनाएगा।
यह बात भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डा. राकेश शर्मा (बबली) ने सुंडला में आयोजित बैठक में कही। उन्होंने कृषि कानूनों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सात दशकों में कभी भी किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने किसानों को उनका पूरा हक दिलाया है। केंद्र सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के खाते में छह हजार रुपये प्रति वर्ष डाल रही है। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा कृषि कानूनों के समर्थन में प्रदेश के दो लाख किसानों के हस्ताक्षर करवाकर केंद्र सरकार को भेजेगा ताकि पता चल सके कि किसान वर्ग भाजपा के साथ है। प्रदेश भर में किसान मोर्चा कृषि कानूनों के प्रति किसानों व लोगों को जागरूक करने के लिए पत्रक वितरित कर रहा है। उन्होंने बैठक में मौजूद किसान मोर्चा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का पत्रकों को गांव-गांव में पहुंचाने का आह्वान किया। इससे पहले जिला मार्केटिग कमेटी के चेयरमेन डीएस ठाकुर ने किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष को शॉल व टोपी पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कागंड़ा-चंबा प्रभारी चमन डढवाल, जिला अध्यक्ष बालम ठाकुर, जिला महासचिव नरेश रावत, भाजपा मंडल डलहौजी के अध्यक्ष विजय ठाकुर आदि मौजूद थे।